इंदौर। मुनि पुंगव 108 सुधा सागर महाराज के सान्निध्य में 16 नवंबर 2026, सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रथम मंगल आगमन होने जा रहा है। यह कार्यक्रम सायं 5 बजे दिगंबर जैन मंदिर, क्लर्क कॉलोनी में विशेष जिज्ञासा समाधान के रूप में आयोजित होगा। जिसमें उपस्थिति सायं 4.30 बजे से रहेगी। धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने कहा कि आज का दिन क्लर्क कॉलोनी के इतिहास में ही नहीं, पूरे इंदौर और पूरे प्रदेश के इतिहास में लिखा जाएगा, क्योंकि मुनि पुंगव 108 सुधा सागर महाराज के पावन सान्निध्य में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मंगल आगमन एवं गुरुदेव के प्रथम बार दर्शन का विशेष सौभाग्य प्राप्त हो रहा है और यह अवसर जैन धर्म की आध्यात्मिक परंपरा, अहिंसा, संयम और संस्कारों की प्रभावना को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का गौरवपूर्ण अवसर है।

मुख्यमंत्री भी गुरुदेव से मार्गदर्शन लेंगे

सायं 5 बजे होने वाले विशेष जिज्ञासा समाधान में धर्म, अध्यात्म एवं जीवन मूल्यों से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान होगा, जिसमें जैन धर्म क्या है, अहिंसा क्या है, अनेकांतवाद क्या है, अपरिग्रह क्या है, आत्मा क्या है, कर्म क्या है, मोक्ष कैसे मिलेगा, ध्यान कैसे करें, आज का युवा नशे से कैसे बचे, परिवार कैसे जुड़े, समाज में संस्कार कैसे आएं, जैसे विषयों पर गुरुदेव मार्गदर्शन देंगे और मुख्यमंत्री भी इस पर गुरुदेव से मार्गदर्शन लेंगे। यह कार्यक्रम केवल जैन समाज के लिए नहीं, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश और पूरे समाज के लिए है, क्योंकि गुरुदेव की वाणी में वह शक्ति है, जो मुख्यमंत्री से लेकर आम आदमी तक, सबको एक समान आशीर्वाद देती है।

जैन समाज की एकता और संगठन शक्ति को देखेंगे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं एक विद्वान, संस्कारी और धर्मनिष्ठ व्यक्ति हैं, वे उज्जैन के हैं, महाकाल की नगरी से आते हैं और धर्म, संस्कृति और संस्कार को मानने वाले हैं, इसलिए जब प्रदेश का मुख्यमंत्री स्वयं चलकर एक जैन मुनिराज के चरणों में आता है, तो इसका अर्थ है कि जैन धर्म की प्रभावना बढ़ रही है, गुरुदेव की महिमा पूरे प्रदेश में फैल रही है और अहिंसा और संयम का संदेश सरकार तक पहुंच रहा है, आज मुख्यमंत्री गुरुदेव के दर्शन करेंगे, आशीर्वाद लेंगे और जैन समाज की एकता और संगठन शक्ति को देखेंगे।

हम सबकी एकजुट उपस्थिति से गुरुदेव के चरणों में विनयांजलि अर्पित हो

समस्त जैन समाज से विशेष आग्रह किया गया है कि आज का यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समस्त जैन समाज की एकता, संगठन शक्ति, धर्मनिष्ठा एवं सामाजिक गरिमा प्रदर्शित करने का अवसर है, अतः सभी समाजबंधु, मंदिरों के अध्यक्ष, पदाधिकारी, वरिष्ठजन, युवा साथी एवं महिला मंडल की सदस्याएं अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें और मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व सायं 4.30 बजे तक पधारकर अग्रिम पंक्तियों में अपना स्थान ग्रहण करें, ताकि हम सबकी एकजुट उपस्थिति से गुरुदेव के चरणों में विनयांजलि अर्पित हो और जैन समाज की गरिमा एवं धर्म प्रभावना का अनुपम दृश्य प्रस्तुत हो।

इन समाजजनों ने की अपील

इस आयोजन के निवेदक सकल दिगंबर जैन समाज, पूर्वाेत्तर क्षेत्र और सकल दिगंबर जैन समाज धर्म प्रभावना समिति हैं, प्रमुख पदाधिकारियों में एम. के. जैन अध्यक्ष, नवीन गोधा चक्रवर्ती अध्यक्ष, आनंद गोधा अध्यक्ष दिगंबर जैन सामाजिक संसद, हर्ष जैन महामंत्री, अक्षय कासलीवाल मंत्री, मीडिया प्रभारी प्रवक्ता राजेश जैन दद्दू हैं, जबकि विशेष सहयोगी एवं धर्म प्रभावना में सहभागी के रूप में मधुर जैन, प्रियंक जैन निरवाना, संजय जैन दयोदय मोटर्स, प्रवीण जैन, अमित जैन गोलू, त्रिशला महिला मंडल, शिवानी गोधा, अंतिका गोधा, शालिनी जैन निरवाना, सुवर्णा जैन, नीलम बड़जात्या ने तन-मन-धन से सहयोग दिया है। सभी से अपील की गई है कि समय पर पधारें, अकेले नहीं, पूरे परिवार के साथ पधारें और सपरिवार धर्म लाभ लें, क्योंकि आपकी उपस्थिति समाज का सम्मान, गुरुदेव के प्रति विनय और धर्म प्रभावना का सशक्त संदेश बनेगी।