मुरैना/डबरा। नवजीवन फिजियोथेरेपी क्लीनिक एंड रिहैबिलिटेशन सेंटर, डबरा में प्रति माह की भांति इस माह भी निःशुल्क स्वास्थ्य एवं फिजियोथेरेपी परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में तीन दर्जन से अधिक लोगों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य जांचों एवं फिजियोथेरेपी परामर्श का लाभ लिया। शिविर में मरीजों को बीपी, SpO2, शुगर, पल्स एवं वजन की निःशुल्क जांच तथा फिजियोथेरेपी से संबंधित परामर्श सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में लोगों की अच्छी भागीदारी और स्वास्थ्य के प्रति उनकी उत्सुकता देखने को मिली।

प्रत्येक माह निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

क्लीनिक के संचालक एवं संस्थापक डॉ. साहिल जैन ने बताया कि उनका उद्देश्य प्रत्येक माह निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें समय पर उचित परामर्श उपलब्ध कराना है। नवंबर माह में पहले भी एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा चुका था, लेकिन मरीजों की लगातार बढ़ती उत्सुकता एवं मांग को देखते हुए इसी माह दूसरा शिविर आयोजित किया गया। इसमें तीन दर्जन से अधिक लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लिया। डॉ. साहिल जैन ने कहा कि मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के साथ-साथ उनकी संतुष्टि भी नवजीवन परिवार की प्राथमिकता है। मरीजों ने सदैव क्लीनिक एवं उसकी सेवाओं पर विश्वास जताया है, जिसके लिए उन्होंने शिविर में पहुंचे सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य एवं फिजियोथेरेपी परामर्श शिविर निरंतर किए जाते रहेंगे।

नवजीवन परिवार ने आभार माना

इस अवसर पर डॉ. साहिल जैन ने स्वास्थ्य शिविरों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग के लिए मुरैना के सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय एवं आईजा के मुरैना जिला अध्यक्ष मनोज जैन नायक के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच रहा है। नवजीवन परिवार ने सभी सहयोगियों एवं शिविर में शामिल मरीजों का धन्यवाद ज्ञापित किया।