इंदौर। सर सेठ हुकुमचंद जी की धर्म नगरी इंदौर में श्रमण संस्कृति के महाश्रमण निर्यापक मुनि पुंगव श्री 108 सुधा सागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद एवं ससंघ सानिध्य में 15 अगस्त को दलाल बाग, छत्रपति नगर में ‘भारत माता—माँ तुझे सलाम’ कार्यक्रम आयोजित होगा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य तिरंगा यात्रा, ध्वज वंदन, देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां और गुरुदेव की ओजस्वी मंगल देशना कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण होंगे।
आदिनाथ जिनालय से निकलेगी तिरंगा यात्रा
कार्यक्रम के अनुसार सुबह 7:15 बजे बच्चों एवं महिला मंडल द्वारा जयघोष और बैंड के साथ तीर्थ स्वरूप आदिनाथ जिनालय, छत्रपति नगर से दलाल बाग पंडाल तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।
इसके बाद 7:45 बजे राष्ट्रीय ध्वज वंदन किया जाएगा।
देशभक्ति और धर्म का होगा संगम
सुबह 8 बजे देशभक्ति से ओतप्रोत भक्ति एवं नृत्य के माध्यम से मंगलाचरण की प्रस्तुति होगी। समाज की प्रतिभाओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम में देशप्रेम के साथ धर्म और संस्कारों का संदेश दिया जाएगा।
गुरुदेव देंगे ओजस्वी मंगल देशना
सुबह 8:15 बजे श्रमण संस्कृति के महाश्रमण, तपस्वी सम्राट एवं जिनशासन गौरव पूज्य श्री 108 सुधा सागर जी महाराज श्रद्धालुओं को मंगल देशना प्रदान करेंगे। आयोजन समिति के अनुसार गुरुदेव की वाणी बच्चों एवं युवाओं को धर्म, संस्कार और राष्ट्रप्रेम से जोड़ने की प्रेरणा देगी।
बच्चों और युवाओं को संस्कारों से जोड़ना उद्देश्य
धर्म प्रभावना समिति ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को धर्म, संस्कार एवं देशभक्ति से जोड़ना है। समिति ने समाजजनों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को गुरुदेव की अमृतमयी वाणी एवं मंगल आशीर्वाद से जोड़ें, ताकि उनमें शिक्षा, संस्कार और जीवन मूल्यों का विकास हो।
निर्धारित रहेगा पारंपरिक परिधान
आयोजन में पुरुष वर्ग के लिए सफेद ड्रेस तथा महिला वर्ग के लिए केसरिया साड़ी या हरी साड़ी निर्धारित की गई है। इससे आयोजन में देशभक्ति और सांस्कृतिक एकरूपता का विशेष दृश्य देखने को मिलेगा।
आयोजन समिति की सहभागिता
आयोजन समिति की संरक्षिका आशा रानी पांध्या, संचालन नीता राकेश जैन तथा मुख्य संयोजकगण सपना मनीष गोधा, शिवानी नवीन गोधा, दीपिका आकाश जैन ‘कोयला’, अंतिका आनंद गोधा, रानी अशोक दोषी, हर्ष दुलिचंद जैन, सोमम गिरीश जैन ‘मिन्नी’, लीना अक्षय कारलीवाल जैन, शैली सौरभ बड़जात्या, शिल्पी राहुल जैन स्पोर्ट्स, अनिता राजेश सामरिया, मुक्ता राजेश जैन दद्दू सहित अन्य सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।
अधिक से अधिक सहभागिता की अपील
सुधा सागर धर्म प्रभावना समिति एवं सकल दिगंबर जैन समाज इंदौर की ओर से धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम देशभक्ति, धर्म, संस्कार और राष्ट्रप्रेम का अनूठा संगम बनेगा।



