देहरा तिजारा। अतिशय क्षेत्र देहरा तिजारा इन दिनों धर्म, भक्ति, तप और वैराग्य की अनुपम आध्यात्मिक छटा से सराबोर है। श्रमणाचार्य श्री विमर्शसागर जी महामुनिराज के पावन सानिध्य में आयोजित भगवती जिनदीक्षा महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को दीक्षार्थियों एवं श्रद्धालुओं ने भक्तिभावपूर्वक श्री गणधर वलय विधान की आराधना की। 15 नवम्बर को चार भव्य मुमुक्षु आत्माएं सांसारिक जीवन का परित्याग कर संयम के पवित्र मार्ग पर अग्रसर होंगी। आचार्य श्री विमर्शसागर जी महामुनिराज के पावन करकमलों से उन्हें भगवती जिनदीक्षा प्रदान की जाएगी। मंदिर अध्यक्ष मुकेश जैन और प्रचार मंत्री उमंग जैन ने बताया कि जिनदीक्षा से पूर्व आयोजित गणधर वलय विधान में दीक्षार्थियों के परिजनों, श्रद्धालुओं एवं भक्त समुदाय ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। विधान के माध्यम से दीक्षार्थियों के भावी संयममय जीवन की मंगल कामना की गई। पूरा वातावरण जिनेंद्र भक्ति, मंत्रोच्चार और धार्मिक उल्लास से भक्तिमय हो उठा। दीक्षार्थियों के परिवारजनों ने सांसारिक मोह-ममता से ऊपर उठकर उनके वैराग्य भाव की अनुमोदना की।

चार आत्माएं करेंगी संयम पथ पर मंगल प्रस्थान

इस महोत्सव का सबसे महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक क्षण 15 नवम्बर को आएगा, जब चार मुमुक्षु आत्माएं आचार्य श्री के सानिध्य में दीक्षा ग्रहण कर अपने जीवन को आत्मकल्याण के मार्ग पर समर्पित करेंगी। दीक्षार्थियों में शुल्लक विमर्शसागर जी तथा ब्रह्मचारिणी सुनीता दीदी (सहारनपुर), ब्रह्मचारिणी बबली दीदी (पटना) सहित चार मुमुक्षुओं का उल्लेख किया गया है। दीक्षा से पूर्व आयोजित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में उनके वैराग्य की अनुमोदना की जा रही है।

54वें विमर्श उत्सव पर होगा धर्म और संस्कारों का महासंगम

15 नवम्बर को ही आचार्य श्री विमर्शसागर जी महामुनिराज का 54वां अवतरण-जन्म जयंती महोत्सव ‘विमर्श उत्सव’ श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसी उपलक्ष्य में 13 नवम्बर की संध्या बेला में आर्यिकारत्न विमर्शिताश्री माताजी के निर्देशन में ज्ञान, भक्ति, पूजा और संस्कारों से जुड़ी ऑनलाइन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘जिनचैत्य चैत्य काव्याधान सृजन-4 विमर्श उत्सव’ के माध्यम से देश-विदेश के हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर अपनी धार्मिक प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता ने नई पीढ़ी में धर्म के प्रति रुचि, उत्साह और संस्कार जागृत करने का संदेश दिया।

संयम ही दुखों से मुक्ति और शाश्वत सुख का मार्ग

आचार्य विमर्शसागर जी ने धर्मसभा में कहा कि संसार में सुख और दुख निरंतर आते रहते हैं। सांसारिक प्राणी दुखों का तात्कालिक समाधान तो खोज लेते हैं, लेकिन दुखों से स्थायी मुक्ति का मार्ग आत्मज्ञान और संयम में निहित है। संयम मार्ग पर अग्रसर होने वाले वैरागी जीव अपने जीवन को आत्मकल्याण के लिए समर्पित करते हैं। संयम धारण करके ही जीव संसार के दुखों से मुक्ति प्राप्त कर शाश्वत सुख की दिशा में आगे बढ़ सकता है।देहरा तिजारा की पावन धरा पर आयोजित यह जिनदीक्षा महोत्सव त्याग, तपस्या, वैराग्य और आत्मकल्याण की प्रेरणादायी मिसाल बन रहा है। चार मुमुक्षुओं का संयम पथ पर प्रस्थान और आचार्य श्री का 54वां विमर्श उत्सव श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय आध्यात्मिक अवसर बनने जा रहा है।

इनकी रही सहभागिता

धार्मिक आयोजन में मंदिर अध्यक्ष मुकेश जैन, महामंत्री नरेंद्र जैन, कोषाध्यक्ष शिंभू जैन, प्रचार मंत्री उमंग जैन, चातुर्मास अध्यक्ष सुरेश जैन (पटेल), अमन जैन, शैलू जैन, वरुण जैन, रवि जैन, आदिश्वर जैन, सचिन जैन, नीरज जैन, विजय जैन, सुभाष जैन सर्राफ एवं राकेश जैन सहित समाज के अनेक श्रद्धालुओं का सहयोग एवं सहभागिता रही।