कुचामन सिटी। सकल जैन समाज कुचामन सिटी के श्रावक-श्राविकाओं का दल छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र एवं मध्यप्रदेश के प्रमुख जैन तीर्थों की छह दिवसीय धार्मिक यात्रा पर है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु विभिन्न तीर्थक्षेत्रों में दर्शन, पूजन, कलशाभिषेक एवं शांतिधारा कर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।
बालाघाट में संतों का लिया आशीर्वाद
यात्रा के प्रथम चरण में श्रद्धालु बालाघाट पहुँचे। यहां उन्होंने आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य मुनि श्री 108 विराट सागर महाराज एवं मुनि श्री 108 निस्पृह सगर महाराज के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके बाद श्रद्धालुओं ने आदिनाथ जिनालय में भगवान का भव्य कलशाभिषेक एवं शांतिधारा की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, सुख-समृद्धि एवं मानव कल्याण की भावना से धार्मिक अनुष्ठान किए।
चन्द्रोदय तीर्थ में समाधि स्थल के दर्शन
यात्रा दल चन्द्रोदय तीर्थ पहुँचा, जहां आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की शिष्या आर्यिका 105 तपोमती माताजी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के समाधि स्थल के दर्शन किए।
इस दौरान निर्माणाधीन भव्य एवं ऐतिहासिक त्रिकाल चौबीसी जिनालय का अवलोकन भी किया गया। श्रद्धालुओं ने महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित हस्तकरघा इकाई में निर्मित वस्त्रों की प्रदर्शनी देखी और स्वदेशी उत्पादों के अधिकाधिक उपयोग का संकल्प लिया।
रामटेक में शांतिनाथ भगवान का कलशाभिषेक
यात्रा के अगले पड़ाव रामटेक जैन तीर्थ में श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के संघ की शिष्या आर्यिका 105 आदर्शमती माताजी के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
यहां मूलनायक 17 फीट ऊंची खड़गासन भगवान शांतिनाथ की प्रतिमा का श्रद्धापूर्वक कलशाभिषेक एवं शांतिधारा की गई। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को रामटेकगढ़ में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम एवं लक्ष्मण के दर्शन का भी सौभाग्य प्राप्त हुआ।
श्रद्धालुओं ने की विश्व कल्याण की मंगलकामना
धार्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने प्राणीमात्र के सुख, समृद्धि, विश्व शांति, अमन-चैन एवं विश्व कल्याण की भावना से शांतिधारा कर मंगलकामना की। यात्रा में धर्म, भक्ति औरतीर्थदर्शन का उत्साह दिखाई दिया।
इन श्रद्धालुओं की रही सहभागिता
यात्रा में सुभाष पहाड़िया, मंजू पहाड़िया, विनोद, संगीता, अजीत पहाड़िया, राजकुमार सेठी, सुमित्रा सेठी, विनोद, उषा झांझरी, मनोज, ममता, प्रमोद एवं विनीता पांड्या सहित अन्य श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
छह दिवसीय यात्रा में धर्मलाभ
छह दिवसीय धार्मिक यात्रा के माध्यम से कुचामन सिटी के श्रावक-श्राविकाओं ने विभिन्न जैन तीर्थों के दर्शन, संतों का सान्निध्य, पूजन, कलशाभिषेक एवं शांतिधारा का लाभ प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने धर्म एवं आध्यात्मिक संस्कारों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।






