महरौनी। नगर में धर्म, श्रद्धा और भक्ति का अनुपम दृश्य देखने को मिला। गणाचार्य श्री 108 विराग सागर जी महाराज की परंपरा के शिष्य मुनि श्री 108 विकौशल सागर जी महाराज एवं मुनि श्री 108 सरल सागर जी महाराज के शिष्य मुनि श्री 108 मंगलानंद सागर जी महाराज तथा मुनि श्री 108 मंगल सागर जी महाराज का भव्य मिलन हुआ। संतों के इस आत्मीय मिलन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इसके पश्चात दोनों मुनिराज का श्री अजितनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। महरौनी की सकल दिगंबर जैन समाज ने उत्साह, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मुनिश्री की अगवानी की। इस दौरान पूरा वातावरण जयकारों और भक्तिमय उल्लास से गुंजायमान रहा। मंगल प्रवेश के उपरांत सकल दिगंबर जैन समाज एवं प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष पवन मोदी, मंत्री पंकज सिंघई सहित समस्त सदस्यों ने मुनिश्री को शास्त्र भेंट कर श्रीफल अर्पित किया।
अलग-अलग संघ, लेकिन समाज की एकता जरूरी
अपने मंगल प्रवचनों में मुनिश्री ने जैन समाज को एकजुट रहने का प्रेरणादायी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जब अलग-अलग संघों की परंपरा से जुड़े जैन साधु एक मंच पर बैठकर प्रेम, सद्भाव और आत्मीयता का परिचय दे सकते हैं, तो समूचे जैन समाज को भी एकजुट होकर रहना चाहिए। समाज में किसी प्रकार का बंटवारा नहीं होना चाहिए। आपसी मतभेदों को भुलाकर संगठन, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करना चाहिए।
सामाजिक एकता के लिए आत्म चिंतन जरूरी
मुनिश्री ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता में निहित है। उनके प्रेरणादायी विचारों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को सामाजिक एकजुटता के लिए आत्मचिंतन करने की प्रेरणा दी। प्रवचनों के पश्चात जैन समाज की ओर से मुनिश्री की मंगल आहारचर्या के लिए विनम्र निवेदन किया गया। महरौनी जैन समाज को मुनिश्री की निरंतराय आहारचर्या संपन्न कराने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। संतों का यह भव्य मिलन धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सामाजिक एकता, आपसी प्रेम और सद्भाव की अनूठी मिसाल बनकर सामने आया।




