सागवाड़ा। दिगंबर जैन समाज के अष्टान्हिका पर्व कार्तिक शुक्ल अष्टमी 17 नवंबर से प्रारंभ होकर 24 नवंबर पर्यन्त जारी रहेंगे। दिगंबर जैन सोशल एवं कल्चरल ग्रुप जिला बांसवाड़ा के जिला संयोजक अजीत कोठिया ने बताया कि आठ दिवसीय इस धार्मिक आध्यात्मिक पर्व में प्रतिदिन प्रातः श्री जी का जलाभिषेक किया जाएगा। चौबीस तीर्थंकर पूजा, पंच मेरु पूजा, अष्टान्हिका पर्व पूजा, नव देवता पूजा तथा नंदीश्वर दीप पूजा द्वारा जिनेंद्र प्रभु की विशेष आराधना एवं भक्ति की जाएगी। पर्व के दौरान पुनर्वास कॉलोनी सागवाड़ा में आचार्य कनक नंदीजी गुरुदेव, बांसवाड़ा में मुनि श्री आज्ञा सागरजी महाराज, परतापुर में आर्यिका विशिष्ट श्री माताजी तथा अन्य कई साधु संतों का सान्निध्य सुलभ रहेगा। पर्व के दौरान अतिशय क्षेत्र अंदेश्वर पार्श्वनाथ जी पर कार्तिक पूर्णिमा पर विशेष मेले का आयोजन भी होगा। ग्रुप द्वारा सभी जैन धर्मावलम्बियों तथा अहिंसा प्रेमियों को अष्टान्हिका पर्व पर बधाई एवं शुभकामनाएं संप्रेषित की गई है।