अम्बाह। धर्मनगरी अम्बाह में शुक्रवार को गणिनी आर्यिका रत्न 105 श्री संगममति माताजी ससंघ के पावन सानिध्य में 29वां दीक्षा दिवस समारोह मनाया गया। भव्य पिच्छिका परिवर्तन महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास से संपन्न हुआ। श्री जैन बगीची में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रावक-श्राविकाओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ लिया और गुरु मां का मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7 बजे भगवान के अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन के साथ हुआ। इसके बाद प्रातः 9 बजे गुरु मां के मंगल प्रवचन हुए। माताजी ने अपने प्रवचनों में धर्म, संयम, त्याग, तपस्या एवं अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हुए कहा कि संयममय जीवन ही आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है।
माताजी के प्रति व्यक्त की श्रद्धा
आर्यिका श्री संगममति माताजी का 29वां दीक्षा दिवस समारोह भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गुरु मां के त्याग, तपस्या, साधना एवं धर्म प्रभावना की अनुमोदना करते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इसके पश्चात दोपहर 12:30 बजे भव्य पिच्छिका परिवर्तन महोत्सव संपन्न हुआ। पिच्छिका परिवर्तन महोत्सव में प्रथम नवीन पिच्छिका प्रदान करने का सौभाग्य अंजलि जिनेश जैन, नगर पालिका अध्यक्ष को प्राप्त हुआ। द्वितीय पिच्छिका जिनेश कुमार तथा तृतीय पिच्छिका प्रदान करने का सौभाग्य विमल जैन राजू को मिला। वहीं प्रथम पुरानी पिच्छिका प्राप्त करने का सौभाग्य सुरेश राठी परिवार एवं दूसरी पुरानी पिच्छिका प्राप्त करने का सौभाग्य अनिल कुमार जैन सर्राफ को प्राप्त हुआ।
पिच्छिका संयम, अहिंसा का प्रतीक
जैन धर्म में पिच्छिका संयम, अहिंसा, जीवदया एवं करुणा का पवित्र प्रतीक मानी जाती है। दिगंबर जैन साधु-संत इसका उपयोग मार्ग में चलने एवं बैठने आदि के दौरान सूक्ष्म जीवों की रक्षा के भाव से करते हैं। पिच्छिका परिवर्तन महोत्सव त्याग, तपस्या, संयम और अहिंसामय जीवन अपनाने की प्रेरणा देने वाला धार्मिक आयोजन है।पूरे आयोजन के दौरान श्री जैन बगीची का वातावरण भक्तिमय बना रहा। सकल दिगंबर जैन समाज एवं चातुर्मास समिति के सदस्यों ने सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के समापन पर समाजजनों ने गुरु मां के चरणों में श्रीफल अर्पित कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए वात्सल्य भोज की व्यवस्था की गई।




