आगरा। दीपावली पर्व के पावन अवसर पर अवधपुरी, ज्वालापुरी में श्री सर्वजन विकास समिति के तत्वावधान में मंगलवार को सामूहिक गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव भक्तिभाव के साथ मनाया गया। धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे के संदेश के साथ आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालुओं एवं गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर समिति के सदस्यों ने उनका पुष्पमाला पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान पूरा आयोजन स्थल भगवान गोवर्धन के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। महोत्सव का शुभारंभ भक्तिमय वातावरण में सामूहिक सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव से सुंदरकांड का पाठ किया और परिवार, समाज एवं देश में सुख-शांति, समृद्धि तथा खुशहाली की मंगल कामना की। इसके उपरांत मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान गोवर्धन का पूजन किया। उन्होंने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख- समृद्धि एवं सर्वकल्याण की कामना की। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान गोवर्धन के जयकारों के साथ धार्मिक उत्सव में सहभागिता की।

सभी अतिथियों ने आयोजन में सहभागिता की

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने गोवर्धन पूजा के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्व की शुभकामनाएं दीं। वहीं श्री सर्वजन विकास समिति की ओर से उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद मीनाक्षी वर्मा एवं संतोषी लाल की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने आयोजन में सहभागिता करते हुए क्षेत्रवासियों को दीपावली एवं गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं। महोत्सव के अंतर्गत भगवान गोवर्धन को विभिन्न प्रकार के पकवानों एवं व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया।इसके पश्चात विशाल अन्नकूट महोत्सव एवं सामूहिक भंडारे का आयोजन हुआ।

सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही

इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों ने पूरे उत्साह के साथ धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया।समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे सामूहिक आयोजन समाज के लोगों को एक सूत्र में जोड़ने के साथ आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संजय शर्मा, भगवान सिंह शर्मा,भगवान शर्मा, एडवोकेट,रामप्रकाश शर्मा, दिनेश पाराशर,आनंद शर्मा,मिंटू त्यागी, शुभम- जैन,प्रीति त्यागी एवं भारत भूषण शर्मा उपस्थित रहे।