इंदौर। श्रमण संस्कृति के महाश्रमण निर्यापक मुनिपुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज के पावन संघ में एक और युवा वैराग्य और संयम की राह पर कदम बढ़ाने जा रहा है। मध्यप्रदेश के मुंगावली निवासी अमन जैन मुनि संघ में प्रवेश कर संयम, तप और आत्मसाधना का जीवन अपनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
धर्म समाज प्रचारक एवं मीडिया प्रभारी राजेश जैन दद्दू ने बताया कि अमन जैन के वैराग्य भाव की अनुमोदना के लिए इंदौर में विशेष मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
सांसारिक जीवन से संयम की राह की ओर
अमन जैन सांसारिक बंधनों को छोड़कर मुनि संघ में प्रवेश करते हुए अपने जीवन को संयम और तप की साधना से जोड़ने जा रहे हैं। उनके इस निर्णय को लेकर परिवार और समाजजनों में धर्मभावना का वातावरण है।
वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. जैनेन्द्र जैन ने कहा कि यह एक आत्मा का सांसारिक जीवन से संयम और आत्मकल्याण की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर है।
शाम 4 बजे सजेगी वैराग्य की मेहंदी
अमन जैन के मुनि संघ प्रवेश से पूर्व आज शाम 4 बजे मेहंदी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें समाजजन उनके वैराग्य भाव की अनुमोदना करेंगे।
आयोजकों के अनुसार यह अवसर उस परिवर्तन का प्रतीक बनेगा, जब एक युवा सांसारिक जीवन से आगे बढ़कर अपने जीवन को संयम के रंग में रंगने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है।
रात 7:30 बजे जिज्ञासा समाधान के बाद निकलेगी बिनौली
रात्रि 7:30 बजे जिज्ञासा समाधान के पश्चात अमन जैन की भव्य बिनौली यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा देशना मंडप से प्रारंभ होकर तीर्थ स्वरूप आदिनाथ जिनालय, छत्रपति नगर पहुंचेगी।
इस दौरान बड़ी संख्या में गुरुभक्त और समाजजन वैराग्य भाव की अनुमोदना करते हुए यात्रा में शामिल होंगे।
धर्म प्रभावना समिति ने किया समाज से आह्वान
धर्म प्रभावना समिति के आनंद गोधा, नवीन गोधा, हर्ष जैन, आकाश कोल, सपना-मनीष गोधा, भूपेंद्र जैन, कमल जैन, विपुल बाझल, मुक्ता जैन एवं सोनाली बागड़िया सहित पदाधिकारियों और समाजजनों ने गुरुभक्तों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अमन जैन के वैराग्य भाव की अनुमोदना करने का आग्रह किया।
मीडिया प्रभारी राजेश जैन दद्दू ने कहा कि सांसारिक जीवन से संयम की ओर बढ़ रहे अमन जैन को समाज अपनी मंगल भावनाओं और शुभकामनाओं के साथ इस नई आध्यात्मिक यात्रा के लिए विदा करेगा।





