आगरा। मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज ससंघ बुधवार प्रातः 6:30 बजे ताजमहल पहुंचे। मुनिश्री ने आगरा की ऐतिहासिक धरोहर ताजमहल की स्थापत्य कला, वास्तुशिल्प, कलात्मक नक्काशी एवं ऐतिहासिक विशेषताओं का अवलोकन किया।

धरोहरों के संरक्षण का संदेश

ताजमहल परिसर में मुनिश्री ने इसके निर्माण और ऐतिहासिक महत्व से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। श्रद्धालुओं ने मुनिसंघ का स्वागत किया। इस अवसर पर जैन समाज के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

मुनि समत्वसागर जी महाराज ने कहा कि भारत की ऐतिहासिक धरोहरें देश की समृद्ध कला, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास की परिचायक हैं। इनके संरक्षण एवं इनके प्रति जागरूकता बनाए रखना समाज की जिम्मेदारी है।

राहुल विहार जैन मंदिर के लिए मंगल विहार

मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि मुनिश्री ससंघ का बुधवार सायं 4 बजे ताजगंज जैन मंदिर से राहुल विहार जैन मंदिर के लिए मंगल विहार हुआ।

राहुल विहार जैन मंदिर में मुनिश्री के मंगल सान्निध्य में 1 अक्टूबर को वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव आयोजित होगा। इसके बाद 3 से 13 अक्टूबर तक श्री कल्पतरु महामंडल विधान का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर जैन समाज में उत्साह है।

कार्यक्रम में सहभागिता

ताजमहल अवलोकन के दौरान छीपीटोला एवं ताजगंज जैन समाज से संजय बाबू जैन, संजय जैन, विजय जैन, योगेश जैन, विनय जैन, अरिहंत जैन, उत्सव जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन सहित नमोऽस्तु शासन संघ के युवा एवं अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।

श्रीफल साथी : शुभम जैन, आगरा