आगरा। सेक्टर-7, आवास विकास कॉलोनी, सिकंदरा स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में पर्युषण महापर्व के सातवें दिन उत्तम तप धर्म श्रद्धापूर्वक मनाया गया। मूलनायक भगवान श्री शांतिनाथजी का स्वर्ण कलश से अभिषेक किया गया। साथ ही भगवान महावीर एवं भगवान आदिनाथ का अभिषेक भी संपन्न हुआ।
इसके बाद सामूहिक आरती एवं संगीतमय पूजन हुआ। धार्मिक क्रियाएं पंडित सिद्धांत जैन शास्त्री, मथुरा द्वारा विधि-विधानपूर्वक कराई गईं।
केवल भोजन त्यागना उपवास नहीं
पंडित सिद्धांत शास्त्री ने कहा कि सच्चे उपवास के लिए घर और व्यापार के कार्यों का त्याग, पांचों इंद्रियों के विषयों का त्याग तथा क्रोधादि कषायों से बचना आवश्यक है। उपवास के दिन परिणाम शांत एवं नियंत्रित रखते हुए सामायिक, स्वाध्याय और धर्मसाधना में समय लगाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि विषय और कषाय का त्याग नहीं किया गया, तो केवल भोजन त्याग देना उपवास नहीं, बल्कि लंघन मात्र है। बीमारी, क्लेश अथवा किसी अन्य कारण से भूखे रह जाना भी उपवास नहीं कहलाता। ज्ञानपूर्वक आहार, विषय और कषायों का त्याग ही उपवास का वास्तविक स्वरूप है।
उन्होंने बताया कि उपवास आत्मशुद्धि में सहायक है। भोजन के बाद आने वाली सुस्ती और निद्रा से बचकर साधक सामायिक, स्वाध्याय एवं ध्यान में मन लगा सकता है।
सिंहासन भक्ति धार्मिक गेम में सहभागिता
जैन मिलन अहिंसा परिवार द्वारा सिंहासन भक्ति धार्मिक गेम का आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आज उत्तम त्याग धर्म की पूजा
मीडिया प्रभारी राहुल जैन ने बताया कि 23 सितंबर 2026 को प्रातः 7:30 बजे से उत्तम त्याग धर्म की पूजा होगी। सायंकाल आरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में सहभागिता
श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन समिति के अध्यक्ष अतुल जैन, मंत्री राकेश जैन, मगन कुमार जैन, प्रवीण जैन, महेश चंद्र जैन, राजेश बैनाड़ा, विजय जैन निमोरब, अरुण जैन, अनिल आदर्श जैन, सुनील जैन, हेमा जैन, सतीश जैन, राजेंद्र जैन, मनोज जैन, जितेश जैन, विपुल जैन, मोहित जैन, प्रशांत जैन, वैभव जैन, दीपक जैन, दिपेश जैन, चंदन जैन, आदिश जैन, अनंत जैन, विपिन जैन, अभिषेक जैन, मीडिया प्रभारी राहुल जैन एवं सकल जैन समाज उपस्थित रहा।
श्रीफल साथी : राहुल जैन, आगरा




