आगरा। कटरा इतवारी खां, नाई की मंडी स्थित श्री चंद्रप्रभु जैन मंदिर में सोमवार को वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
पांडुक शिला पर विराजमान कर हुआ कलशाभिषेक
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 3 बजे भगवान चंद्रप्रभु की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना से हुआ। इसके बाद केसरिया वस्त्र धारण किए श्रद्धालुओं ने भगवान चंद्रप्रभु की प्रतिमा को पांडुक शिला पर विराजमान कर पंडित विकर्ष जैन शास्त्री के निर्देशन में कलशाभिषेक किया।
कलशाभिषेक के दौरान मंदिर परिसर भगवान चंद्रप्रभु के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।
मंगल आरती और महिला मंडल की प्रस्तुतियां
अभिषेक के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया। शाम को भगवान की मंगल आरती हुई। इसके बाद नाई की मंडी महिला मंडल ने धार्मिक तंबोला, भजन एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में पूरे दिन धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर मंदिर समिति अध्यक्ष निर्मल मोठया, सुरेंद्र बैनाड़ा, राजेश सेठी, रजत मोठया, अजीत रांवका, पन्नालाल बैनाड़ा, अनिल जैन, राजेश जैन, विनोद जैन, मनीष जैन, अनिल मोठया, अंकुर बैनाड़ा, संजू जैन, तरुण रांवका, शुभम बैनाड़ा, मनीष भूंच, प्रियांक रांवका, अंकित मोठया, विपुल मोठया, मीडिया प्रभारी शुभम जैन, सुनीता रांवका, सुनीता मोठया, आयुषी मोठया, नीतिका रांवका एवं सोनल बैनाड़ा सहित समाजजन उपस्थित रहे।
श्रीफल साथी : शुभम जैन, आगरा




