आगरा। शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, टीचर्स कॉलोनी, जयपुर हाउस में आचार्य श्री सौभाग्य सागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में चल रहे दशलक्षण महापर्व के तीसरे दिन शुक्रवार को उत्तम आर्जव धर्म की श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आराधना की गई। अभिषेक, शांतिधारा, विशेष पूजन, तत्त्वार्थ सूत्र वाचन और शास्त्र स्वाध्याय के साथ दिनभर धर्म प्रभावना हुई।

ध्यान-योग से हुई धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत

प्रातःकाल ध्यान एवं योग साधना शिविर के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। इसके बाद श्रीजी का अभिषेक एवं मंगल शांतिधारा की गई।

श्रद्धालुओं ने विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ अष्टद्रव्यों से उत्तम आर्जव धर्म की विशेष पूजा-अर्चना की। भगवान के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।

‘सरल और निष्कपट जीवन जीना ही आर्जव का संदेश’

इस अवसर पर तत्त्वार्थ सूत्र का वाचन हुआ। धर्मसभा में आचार्य श्री सौभाग्य सागर जी महाराज ने उत्तम आर्जव धर्म का महत्व समझाते हुए कहा कि मन, वचन और कर्म में एकरूपता रखते हुए छल-कपट से दूर रहना तथा सरल एवं निष्कपट जीवन जीना ही आर्जव धर्म का संदेश है।

उन्होंने श्रद्धालुओं को धार्मिक क्रियाओं के साथ अपने विचार, वाणी और व्यवहार में भी सरलता लाने की प्रेरणा दी।

संत भवन में हुआ शास्त्र स्वाध्याय

दोपहर में संत भवन में शास्त्र स्वाध्याय का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने जैन धर्म और दशलक्षण धर्म के आध्यात्मिक स्वरूप को समझते हुए स्वाध्याय का लाभ लिया।

मंगल आरती के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

सायंकाल श्रीजी की मंगल आरती की गई। इसके बाद धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर समिति जयपुर हाउस, शांतिनाथ महिला मंडल एवं स्वास्तिक महिला मंडल के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।