आगरा। नवरात्रि के अवसर पर जयपुर हाउस स्थित टीचर्स कॉलोनी के श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर समिति के तत्वावधान में दस दिवसीय श्री जिन सहस्रनाम महाअर्चना एवं महामृत्युंजय महाशांति अनुष्ठान आयोजित किया जा रहा है।
आचार्य श्री 108 सौभाग्यसागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में शनिवार को अनुष्ठान के सातवें दिन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं।
अभिषेक और शांतिधारा के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शांतिनाथ के अभिषेक एवं शांतिधारा से हुआ। विधि-विधान और धार्मिक मंत्रोच्चार के बीच विधान पात्रों तथा श्रद्धालुओं ने अष्टद्रव्य के साथ मंडल पर श्रीजी के चरणों में 100 अर्घ्य समर्पित किए।
श्रद्धालुओं ने भगवान जिनेंद्र की आराधना करते हुए परिवार, समाज और विश्व में सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की। जयकारों और मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।
संध्या में हुआ अर्हम ध्यान योग
सायंकालीन सत्र में आचार्य श्री सौभाग्यसागर जी महाराज एवं क्षुल्लिकाश्री के मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं ने अर्हम ध्यान योग किया। ध्यान-साधना के माध्यम से आत्मचिंतन, मानसिक शांति और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश दिया गया।
दस दिवसीय अनुष्ठान में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।
समाजजनों की रही सहभागिता
इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष राकेश जैन, मंत्री दीपक जैन, विनोद रांवका, सुबोध पाटनी, चक्रवर्ती पंकज जैन, नीरज जैन, सिद्धांत जैन, देवांश जैन, महायज्ञनायक विमल जैन, आदित्य जैन, अरिहंत जैन, सौधर्म इंद्र रविंद्र जैन, नमन जैन, कुबेर इंद्र मनोज जैन, ऋषभ जैन, यज्ञनायक शची जैन, ईशान इंद्र सिद्धार्थ पारस जैन, सनत इंद्र शैलू जैन रांवका, बाहुबली संजय जैन, विभव जैन एवं वर्धन जैन उपस्थित रहे।
शांतिनाथ महिला मंडल, स्वास्तिक महिला मंडल, शांतिनाथ युवा मंडल, विधान के पात्र, मंदिर समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आयोजन में सहभागिता की।
श्रीफल साथी : राहुल जैन, आगरा




