आगरा। गुदड़ी मंसूर खां स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर एवं सेठ श्री किशन बिहारी लाल जैन धर्मशाला में चल रहे दशलक्षण महापर्व के तीसरे दिन शुक्रवार को उत्तम आर्जव धर्म श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ रात्रि में आरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
अभिषेक-शांतिधारा से हुई धर्म आराधना की शुरुआत
प्रातःकाल धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रीजी का अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधानपूर्वक उत्तम आर्जव धर्म की विशेष पूजन एवं धार्मिक विधान में सहभागिता कर अर्घ्य समर्पित किए।
भजन और धार्मिक स्तुतियों के साथ भगवान की आराधना से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।
जीवन में सरलता और निष्कपटता अपनाने का संदेश
पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने उत्तम आर्जव धर्म के स्वरूप को समझते हुए जीवन में सरलता, सहजता और निष्कपटता अपनाने तथा छल-कपट से दूर रहने की भावना व्यक्त की।
दशलक्षण महापर्व के माध्यम से श्रद्धालु दस धर्मों के आध्यात्मिक स्वरूप को समझने के साथ उन्हें दैनिक जीवन में अपनाने की प्रेरणा ले रहे हैं।
बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
रात्रि में श्रीजी की भव्य आरती की गई। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में समाज के श्रद्धालुओं एवं बच्चों ने धार्मिक और संस्कारपरक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित समाजजनों ने सराहा।
चौथे दिन होगी उत्तम शौच धर्म की आराधना
मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि दशलक्षण महापर्व के चौथे दिन उत्तम शौच धर्म की आराधना की जाएगी। महापर्व के आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, पूजन, आरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
इस अवसर पर सुभाष जैन, नरेश जैन, राकेश जैन पार्षद, वीरेंद्र कुमार जैन, जितेंद्र जैन, रीतेश जैन, धर्मेश जैन, सुशीला जैन, शशि जैन, अल्पना जैन सहित समस्त पुजारीगण, मंदिर समिति के पदाधिकारी, व्यवस्थापक, समाज के गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।




