इंदौर। धर्म और आध्यात्म के साथ समाज, शिक्षा, संस्कृति, सेवा, युवा चेतना, महिला सशक्तिकरण, बाल संस्कार, पर्यावरण और समसामयिक विषयों को अपने में समेटे श्रीफल मीडिया ग्रुप की श्रीफल पत्रिका का विमोचन 20 अगस्त गुरुवार को नेमिनगर जैन कॉलोनी में विराजित प्राकृताचार्य एवं चतुर्थ पट्टाचार्य श्री सुनीलसागर जी महाराज के सानिध्य और करकमलों से किया गया। यह ऐतिहासिक क्षण यहां पर उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं के मध्य अविस्मरणीय बन गया। चातुर्मास: अहिंसा, आत्म साधना और प्रकृति संरक्षण के महापर्व को समर्पित अगस्त माह का 28 पेज का यह अंक श्रीफल मीडिया ग्रुप की संपादक रेखा संजय जैन के संपादकत्व में प्रकाश में आया है। सन्मति समवशरण पांडाल में गुरुवार को विमोचन अवसर पर अतिथि संदीप जैन मोयरा, सुनीता जैन मोयरा, संपादक रेखा संजय जैन, तल्लीन निशा बड़जात्या, इंद्रकुमार सेठी, संजय पापड़ीवाल, गिरीश पाटोदी उपस्थित रहे।

अब पुनः धर्म, समाज, संस्कृति को जोड़ने श्रीफल का यह अंक आया: रेखा जैन
इस अवसर पर समूह संपादक रेखा संजय जैन ने बताया कि वर्ष 2005 में जब श्रीफल की परिकल्पना हुई तब उद्देश्य केवल एक पत्रिका तब सीमित नहीं था, बल्कि जैन दर्शन के सिद्धांतों, भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और जीवनपयोगी विचारों को समाज के हर घर में जन-जन तक पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि हमारा यह दृढ़ विश्वास रहा है और आज भी धर्म केवल पूजा-पद्धति नहीं बल्कि जीवन जीने की सर्वश्रेष्ठ कला है। संस्कार है और संवेदना के साथ समाज को जोड़ने वाली शक्ति है। श्रवणबेलगोला में अंतर्मुखी मुनिश्री पूज्यसागर जी महाराज ने जगदगुरु कर्मयोगी स्वस्ति श्री चारुकीर्ति भट्टारक स्वामी के समक्ष पत्रिका के नामकरण का निवेदन किया। उन्होंने अपने हाथ में रखा श्रीफल प्रदान करते हुए कहा- इसका नाम श्रीफल रख दो।
प्रथमांक आचार्यश्री वर्धमानसागर जी ने किया था विमोचित
16 नवंबर 2005 को श्रीफल का प्रथमांक आचार्यश्री वर्धमानसागर जी महाराज तथा जगदगुरु कर्मयोगी स्वस्ति श्री चारुकीर्ति भट्टारक स्वामी के कर कमलों से विमोचित हुआ। अल्प समय में ही पत्रिका ने अपने निर्धारित सरोकारों को सिद्ध कर दिया। अब पुनः श्रीफल पत्रिका की यह यात्रा अगस्त 2026 से आरंभ हो रही है। वर्तमान समय में सत्य, संतुलन और मूल्य परक चिंतन की आवश्यकताओं को निभाने के संकल्प के साथ यह अंक पाठकों के हाथ में पहुंच रहा है। आचार्यश्री सुनीलसागर जी महाराज ने इस अवसर पर श्रीफल समूह के प्रतिनिधि मंडल को अपने आशीर्वाद से कृतार्थ कर दिया।
इस अवसर पर यह रहे मौजूद
इस विमोचन कार्यक्रम में संदीप जैन मोयरा, सुनीता जैन मोयरा, संपादक रेखा संजय जैन, तल्लीन निशा बड़जात्या, इंद्रकुमार सेठी, कैलाश लुहाड़िया, गिरीश पाटोदी, संजय पापड़ीवाल, प्रदीप पाटोदी, सुनील जैन ईशान, आरोहण परिवार की निधि जैन, वर्णित जैन, रोहित जैन कई गणमान्यजन मौजूद रहे। संचालन पंडित नितिन झांझरी ने किया।



