कुण्डलपुर (दमोह)। प्रतिमा व्रत विज्ञान एवं समाधि-साधना शिविर के दूसरे दिवस मुनि समता सागर ने अहिंसा, श्रावकाचार, सम्यक दर्शन, रत्नत्रय, प्रतिमा साधना, संयम और संलेखना के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आत्मा में परमात्मा बनने की शक्ति विद्यमान है। धर्म का मार्ग गृहस्थ और गृहत्यागी दोनों के लिए खुला हुआ है। मुनि समता सागर ने कहा कि आचार्यों ने गृहस्थों की पारिवारिक एवं सामाजिक जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए श्रावकाचार और प्रतिमाओं का क्रमिक मार्ग बताया है, जिसके माध्यम से व्यक्ति संसार में रहते हुए भी आत्मकल्याण की दिशा में आगे बढ़ सकता है। राष्ट्रीय प्रवक्ता अविनाश जैन 'विद्यावाणी' एवं क्षेत्रीय प्रचार मंत्री जय कुमार जैन 'जलज' ने बताया कि प्रातः प्रवचन एवं दोपहर में स्वाध्याय और संध्याकाल में समता समाधान के पश्चात सभी व्रती श्रावकों को संलेखना समाधि की तैयारियों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रतिमाओं का पालन कठिन अवश्य लगता है

मुनि ने कहा कि सम्यक दर्शन, सम्यक ज्ञान और सम्यक चारित्र की पूर्णता पर मोक्ष की प्राप्ति होती है। प्रतिमा का अर्थ प्रतिज्ञा अथवा संकल्प है। ये संकल्प ही क्रमशः आगे बढ़ते हैं और व्यक्ति अपनी योग्यता तथा परिस्थितियों के अनुसार इनका पालन करके अपने जीवन का उत्थान कर सकता है। आज एकल परिवार और शहरी जीवन के कारण अनेक लोगों को प्रतिमाओं का पालन कठिन अवश्य लगता है, लेकिन अनुभव का महत्व केवल पुस्तकीय ज्ञान से अधिक है। चौथे काल से लेकर पंचम काल तक संयम के बिना किसी को वास्तविक सुख-शांति प्राप्त नहीं हुई।

मुनि श्री ने साधक की अवस्थाओं को समझाया

उन्होंने पाक्षिक, नैष्ठिक और साधक की अवस्थाओं को समझाते हुए कहा कि पाक्षिक श्रावक वह है जो स्वयं संयम धारण नहीं कर पाया, लेकिन वीतरागी निर्ग्रंथ मुद्रा और संयम के मार्ग को श्रेष्ठ मानता है। वह संयमियों का पक्ष लेता है, उनकी प्रशंसा करता है और उनके प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास करता है। वह शाकाहार अपनाता है, व्यसनों से दूर रहता है तथा जल छानकर पीने जैसे जीवदया के नियमों का पालन करता है। जब यही श्रद्धा दृढ़ संकल्प में बदलती है तो व्यक्ति नैष्ठिक अवस्था की ओर बढ़ता है और प्रतिमाओं को धारण करने की पात्रता विकसित करता है।

पूर्वा भील के प्रसंग से दी सीख

मुनि ने प्रथमानुयोग में वर्णित पूर्वा भील का प्रेरक प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि जंगल में मुनिराज से उसने अहिंसा व्रत का पालन तथा शिकार न करने और मद्य, मधु और मांस के त्याग का संकल्प लिया और श्रद्धापूर्वक जीवनभर इसका पालन किया। अहिंसा के इसी बीज ने उसके जीवन की दिशा बदल दी और आगे की पर्यायों में आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त किया, वहीं जीव भगवान महावीर बने।

जीवों के प्रति दया का भाव व्रतों का मूल संदेश

उन्होंने कहा कि धर्म का संबंध जाति, वर्ग, उम्र, स्त्री-पुरुष अथवा संपन्नता से नहीं है। जिसके भीतर अहिंसा, शाकाहार और जीवों की रक्षा का भाव जाग गया, उसके जीवन में धर्म का बीजारोपण हो गया। परिवार और व्यवसाय की जिम्मेदारियां निभाते हुए भी संयम अपनाया जा सकता है। जब पारिवारिक और आर्थिक जिम्मेदारियों से निवृत्ति होने लगे तो प्रतिमाओं को धारण करने में उत्साह दिखाना चाहिए। इच्छाओं का परिमाण, सत्य का पालन, चोरी से बचना और सभी जीवों के प्रति दया एवं सहयोग का भाव ही व्रतों का मूल संदेश है। प्रत्येक श्रावक को प्रतिदिन प्रतिक्रमण, स्वाध्याय और सामायिक का अभ्यास करना चाहिए। सामायिक के समय मोबाइल, सोशल मीडिया और अनावश्यक विकल्पों से दूर रहकर णमोकार मंत्र का जाप एवं आत्मचिंतन करना चाहिए।

शोक के बजाय धर्मध्यान और प्रसन्नता का वातावरण हो

मुनि ने संलेखना और समाधि मरण की महत्ता बताते हुए कहा कि जैन दर्शन में मरण को अशुभ नहीं, बल्कि आर्त और रौद्र ध्यान के साथ होने वाले मरण को अशुभ माना गया है। शुभ परिणामों और समभाव के साथ जीवन के अंतिम क्षणों को स्वीकार करना ही समाधि मरण की भावना है। तत्त्वार्थसूत्र के सूत्र 'मारणान्तिकीं संलेखनां ज्योषिता' का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था में व्यक्ति को स्वाध्याय, संयमित दिनचर्या और आत्मचिंतन के माध्यम से स्वयं को तैयार करना चाहिए। संलेखना के अवसर पर शोक के बजाय धर्मध्यान और प्रसन्नता का वातावरण होना चाहिए।

बच्चों ने लिया मुनि श्री का आशीर्वाद

उन्होंने स्पष्ट किया कि शिविर का उद्देश्य प्रत्येक श्रावक को अपनी क्षमता के अनुरूप अहिंसा से संयम और संयम से आत्मकल्याण की ओर आगे बढ़ाना है। इस अवसर पर एलोरा (महाराष्ट्र) गुरुकुल के 130 बच्चे बड़े बाबा के चरणों में दर्शन, वंदन, अभिषेक एवं मुनि समता सागर ससंघ के दर्शन आशीर्वाद हेतु आए।