इंदौर। सर सेठ हुकुमचंद की धर्मनगरी एक बार फिर जिन भक्ति की रोशनी से जगमगाने वाली है। सकल दिगंबर जैन धर्म प्रभावना समिति, इंदौर के तत्वावधान में 9 नवंबर, सोमवार को दलाल बाग में शुभ दीपावली महोत्सव का भव्य आयोजन होगा। यह महोत्सव भगवान महावीर के निर्वाण कल्याणक की स्मृति में समर्पित है। धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि महोत्सव मुनिपुंगव श्री सुधा सागर जी ससंघ के मंगल सान्निध्य में होगा। जिनके दर्शन और प्रवचन से जीवन की दशा-दिशा बदलती है। महोत्सव के अंतर्गत निर्वाण लाडू सजाओ प्रतियोगिता रखी गई है, जिसमें श्रावक-श्राविकाएं भगवान महावीर के निर्वाण के प्रतीक निर्वाण लाडू को अपनी भक्ति, कला और श्रद्धा से सजाएंगे।
यह मांगलिक कार्यक्रम होंगे
वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. जैनेन्द्र जैन ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय और सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। कार्यक्रम प्रातः 6.45 बजे श्रीजी का अभिषेक-शांतिधारा से प्रारंभ होगा। प्रातः 7.30 बजे आचार्य विद्यासागर की पूजन, महावीर भगवान की पूजन और निर्वाण कांड होगा। इसके बाद प्रातः 9 बजे भगवान महावीर स्वामी के समक्ष निर्वाण लाडू समर्पित किया जाएगा। इसके बाद वर्षायोग मुख्य कलश वितरण होगा। समस्त मांगलिक क्रियाएं प्रतिष्ठाचार्य बाल ब्रह्मचारी प्रदीप भैयाजी सुयश और बाल ब्रह्मचारी पारस भैयाजी संपन्न कराएंगे।
समाजजनों से सहभागिता की अपील
धर्म प्रभावना समिति के नवीन शिवानी गोधा, मनीष सपना गोधा, अशोक रानी दोशी और सौरभ शची बड़जात्या ने सकल दिगंबर जैन समाज से आह्वान किया है कि 9 नवंबर को सुबह पूरे परिवार सहित दलाल बाग पहुंचकर बच्चों को प्रतियोगिता में भाग दिलाकर, गुरुदेव के प्रवचन का लाभ लेकर और दीपावली को पटाखों से नहीं, भक्ति से मनाकर धर्म लाभ प्राप्त करें, क्योंकि दीपावली का असली दीपक भगवान महावीर का निर्वाण दीपक है, जो आज भी हृदय में रोशनी दे रहा है।




