भिंड। शहर के लश्कर रोड स्थित श्री दिगंबर जैन कीर्ति स्तंभ मंदिर परिसर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस एवं दिगंबर जैन सोशल ग्रुप, सिटी का प्रथम स्थापना दिवस उत्साह एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। समारोह में संस्था के लगभग 120 सदस्य परिवारों ने सहभागिता कर आयोजन को गरिमामयी बना दिया। सामूहिक ध्वजारोहण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। संस्था के वरिष्ठ सदस्य राजेंद्र जैन, सुभाष ममता जैन, ऋषभ सोनम जैन के पिताजी राजीव जैन, डॉ. रविकांत शालिनी जैन, संस्था अध्यक्ष शैलेंद्र पूनम जैन एवं शिरोमणि संरक्षक अशोक जया जैन ने तिरंगा फहराया। इसके सभी उपस्थित सदस्यों ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रध्वज को सलामी दी। स्वागत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं सदस्य परिवारों का आत्मीय स्वागत एवं परिचय अशोक जया जैन ने किया। कृति निखिल रूपाली जैन ने मधुर मंगलाचरण प्रस्तुत किया। इससे समारोह की सांस्कृतिक शुरुआत हुई।
बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रितवी उदित सोनाली जैन, संवेग, असीम, नेहा जैन, श्रेय, मनीष, गौरी जैन सहित अनेकबच्चों ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक भावनाओं से ओतप्रोत एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी दर्शकों का मन मोह लिया और कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मंच संचालन संस्था सचिव अंशुल आयशा जैन ने किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी स्वजन, सदस्य परिवारों एवं अतिथियों के प्रति आभार संस्था अध्यक्ष शैलेंद्र पूनम जैन ने माना। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की प्रगति और सफलता में उसके सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आज की उत्साहपूर्ण उपस्थिति एवं आप सभी का निरंतर सहयोग संस्था के मनोबल को नई ऊँचाइयों तक ले जा रहा है। आप सभी का स्नेह और सहयोग ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। स्वल्पाहार के साथ समापन हुआ। आत्मीय मिलन, देशभक्ति की भावना एवं बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से सजा यह आयोजन सभी के लिए सुखद एवं अविस्मरणीय स्मृतियां छोड़ते हुए संपन्न हुआ।



