कमला नगर स्थित शालीमार एनक्लेव के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में अष्टानिका महापर्व के अवसर पर उपाध्यायश्री विहसंतसागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान श्रद्धा और भक्ति के साथ जारी है। आगरा से पढ़िए, शुभम जैन की यह रिपोर्ट...
आगरा। कमला नगर स्थित शालीमार एनक्लेव के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में अष्टानिका महापर्व के अवसर पर उपाध्यायश्री विहसंतसागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान श्रद्धा और भक्ति के साथ जारी है। विधान पुण्यार्जक परिवार पारस जैन कंसल एवं मधु जैन कंसल के संयोजन में हो रहा है। विधान के सातवें दिन रविवार को श्रद्धालुओं ने सर्वप्रथम श्रीजी का अभिषेक एवं शांतिधारा कर धर्मलाभ लिया। इसके बाद बाल ब्रह्मचारी आशीष जैन शास्त्री के निर्देशन में इंद्र-इंद्राणियों ने मंत्रोच्चारण के साथ मंडल पर सिद्धों के गुणों का गुणगान करते हुए श्रीजी के समक्ष 712 अर्घ्य अर्पित किए।कार्यक्रम में संगीतकार सचिन तन्मय एंड पार्टी के मधुर भजनों पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने नृत्य कर प्रभु आदिनाथ की भक्ति का आनंद लिया।तीर्थंकर माता की गोद भराई की

सायं 7:00 बजे शालीमार एनक्लेव परिवार कमला नगर द्वारा सर्वतोभद्र जिनालय पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत पारसदास जैन एवं स्नेहलता जैन की गोद भराई एवं सम्मान समारोह किया गया। इस अवसर पर श्रावक-श्राविकाओं ने मेवा किशमिश फल एवं अखरोट से तीर्थंकर माता की गोद भराई की तथा तीर्थंकर पिता का साफा एवं माला पहनाकर सम्मान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर ट्रस्ट एवं व्यवस्था समिति एवं शालीमार जैन मंदिर परिवार के पदाधिकारी एवं समग्र कमला नगर जैन समाज के लोग उपस्थित रहे और धर्ममय वातावरण में भक्ति भाव उमड़ पड़ा।