कुचामन सिटी। महावीर इंटरनेशनल कुचामन सिटी के तत्वावधान में श्रीमती गुणमाला देवी (स्व. कमलकुमार जैन) पाण्ड्या के सौजन्य से रविवार को 45वां निःशुल्क हड्डी रोग जांच शिविर आयोजित किया गया। अरिहंत हेल्थ केयर सेंटर, राजकीय चिकित्सालय के पास आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
विशेषज्ञ चिकित्सक ने की मरीजों की जांच
शिविर में हड्डी, जॉइंट, लिगामेंट एवं घुटना रिप्लेसमेंट सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. जितेश जैन (राजस्थान हॉस्पिटल, जयपुर) ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
77 मरीज हुए लाभान्वित
वीर संदीप पाण्ड्या एवं तेजकुमार बडजात्या ने बताया कि शिविर में कुचामन शहर के अलावा नवलगढ़, किशनगढ़, डीडवाना, मकराना, नावां, मीठड़ी, पलाड़ा, मारोठ, करकेड़ी, राणासर, श्रवणपुरा, आसनपुरा एवं हिराणी सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से आए 77 मरीज लाभान्वित हुए।
शिविर में 35 एक्स-रे एवं 24 रक्त संबंधी जांचें निःशुल्क की गईं। मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सक से आवश्यक परामर्श भी उपलब्ध कराया गया।
फिजियोथैरेपी की सुविधा भी मिली
फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. रिषिका गोड़ ने शिविर में उपस्थित जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क फिजियोथैरेपी प्रदान की। इससे मरीजों को जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श के साथ उपचार संबंधी मार्गदर्शन भी मिला।
गणमान्यजनों ने किया शिविर का अवलोकन
संस्था के सुभाष पहाड़िया ने बताया कि पार्षद गोरीशंकर सर्राफ, समाजसेवी राजकुमार फौजी एवं अशोक पहाड़िया ने शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि महानगरों के ख्यातिप्राप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं कुचामन में उपलब्ध होने से आमजन को काफी लाभ मिल रहा है।
उन्होंने महावीर इंटरनेशनल के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए संस्था के प्रयासों की प्रशंसा की।
सहयोगियों का रहा विशेष योगदान
वीर सुरेन्द्र सिंह दीपपुरा ने बताया कि महेश लढ़ा, शबाना, जितेन्द्र एवं सुरजीत ने शिविर के आयोजन में सराहनीय सहयोग किया। शिविर को सफल बनाने में संस्था के पदाधिकारियों, दानदाताओं एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सेवा कार्यों के प्रति जताया आभार
शिविर के समापन पर वीर अजित पहाड़िया ने चिकित्सक, सहयोगियों, दानदाताओं तथा शिविर में पहुंचे सभी मरीजों के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। महावीर इंटरनेशनल के इस सेवा आयोजन से विभिन्न क्षेत्रों से आए जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला।



