झुमरीतिलैया। श्री दिगंबर जैन समाज की ओर से स्टेशन रोड में नवनिर्माणाधीन जैन मंदिर की नौ वेदी के शिलान्यास समारोह में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें मुनि श्री सुयश सागर जी का सानिध्य और आशीर्वाद मिला। फूलों और माला लाइट से सुसज्जित नौ घोड़ा बग्गी में पुण्यार्जक परिवार को बैठाकर नगर भ्रमण कराया गया। शोभायात्रा को पंजाब लुधियाना आर्मी बैंड, मधुबन पारसनाथ छोटू बैंड, कोडरमा ताशा पार्टी, डीजे साउंड, बैंडबाजे ने भव्यता प्रदान की। पुरुष वर्ग श्वेत परिधान में शामिल हुए। महिलाओं के अलग-अलग ग्रुप ने रंग-बिरंगे परिधान में भगवान एवं गुरुदेव की भक्ति करते हुए जय घोष किया। कोलकाता से आए साफा बांधने वाले चार सदस्यों की टीम ने सभी महिला-पुरुष भक्तों को साफा बांधकर शोभायात्रा में चार चांद लगा दिए।
णमोकार मंत्र से मंदिर परिसर गुंजायमान
झांझरी गली चौराहा के पास छोटे-छोटे बच्चों ने मुनि श्री सुयशसागर जी एवं श्री कौशल सागर जी के चरण को धोकर अपने मस्तक पर लगाया और आशीर्वाद प्राप्त किया। यह भव्य शोभायात्रा पानी टंकी रोड नया जैन मंदिर से ओवर ब्रिज नगर भ्रमण करते हुए बड़ा मंदिर स्टेशन रोड में पहुंची। विश्व शांति मंत्र हवन के साथ सभी नौ वेदियों में पुण्यार्जक परिवार एवं समाज के सभी सदस्यों ने पूजा की। रजत एवं ताम्र पत्र भक्त जनों में भगवान की वेदी में चढ़ाया। णमोकार मंत्र से मंदिर परिसर गुंजायमान हो गया।
सभी सदस्यों के प्रति आभार माना
समाज के पंडित अभिषेक शास्त्री एवं प्रतिष्ठाचार्य ओर संजू भैया ने सभी वेदी में विधिवत मंत्रोचार करके हवन पूजन को संपन्न कराया। साथ ही कोडरमा जिले के डीडीसी रवि जैन, धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष ताराचंद जैन एवं समाज सेवी विनोद जैन काला मुख्य रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए और अपना संबोधन दिया। मंदिर निर्माण कमेटी के संयोजक सुरेश जैन झांझरी सुशील जैन छाबड़ा ने कार्यक्रम की सफलता के लिए समाज के सभी सदस्यों के प्रति अपना आभार प्रकट किया।
इन्होंने अतिथियों का किया स्वागत
समाज के मंत्री नरेंद्र जैन झाझंरी ने स्वागत भाषण देते हुए लोगों का अभिनंदन किया। सह मंत्री राज जैन छाबड़ा, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र जैन काला, भंडारी सुनील जैन सेठी, महिला समाज की अध्यक्ष नीलम जैन सेठी, मंत्री आशा जैन गंगवाल, मंदिर निर्माण कमेटी के सहयोगी विवेक जैन सेठी, अभिषेक जैन गंगवाल, प्रवीण जैन पाटनी, चातुर्मास कमेटी के सभी संयोजक सहसंयोजक ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया।
णमोकार चालीसा, महिला मंडल के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे
जैन समाज के मीडिया प्रभारी नवीन जैन एवं राजकुमार जैन अजमेरा ने कहा कि सोमवार को रात्रि में मंदिर परिसर के भव्य पंडाल में णमोकार चालीसा, महिला मंडल के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाएंगे। जिसमें समाज के युवा वर्ग छोटे-छोटे बच्चे सभी शामिल होंगे। आरती एवं कमठ का उपसर्ग नाटक दिल्ली से आए सौरभ जैन के कलाकारों द्वारा होगा। इसके बाद भजनों का कार्यक्रम प्रसिद्ध गायक सुबोध जैन गंगवाल ग्रुप के नेतृत्व में होगा।




