देहरा-तिजारा। अतिशय क्षेत्र देहरा-तिजारा में महान अतिशय होने जा रहा है। देश और समाज का भविष्य कहलाने वाले बालक-बालिकाएं विभिन्न गतिविधियों के साथ सद्-संस्कार, अनुशासन, मर्यादा और जीवन को खुशहाल बनाने वाली महत्वपूर्ण शिक्षाएं सीखेंगी। 30 अगस्त से 13 सितम्बर तक अनूठा, अभूतपूर्व, आकर्षक विमर्श कैम्प लगने जा रहा है। इसे संचालित करने वाली आचार्य श्री विमर्शसागर जी की शिष्या आर्यिका श्री विमर्शिताश्री माताजी होंगी। आचार्य गुरुवर की श्रेष्ठ और ज्येष्ठ शिष्या आर्यिका विमर्शिता श्री माताजी स्वयं में ही सम्पूर्ण व्यक्तित्व हैं। उनके भीतर सर्वोच्च गुरु भक्ति, धर्म के प्रति अनूठा समर्पण, हर उम्र के व्यक्ति को समझने और समझाने की अद्भुत कला एवं वर्तमान परिवेश के अनुसार धार्मिक शिक्षा को सरलता से प्रस्तुत करने का अपूर्व हुनर समाहित है। वे जब सभा का संचालन करतीं हैं तब जनमानस मंत्रमुग्ध सा मात्र सुनता-देखता रहता है।
आर्यिका संस्कारों का बीजारोपण करेंगी
ऐसे गुणों की धनी आर्यिका माताजी 5 से 15 वर्ष तक के बालक-बालिकाओं में पाठशाला विमर्श कैम्प के माध्यम से संस्कारों का बीजारोपण करेंगी। प्रतिदिन संध्याबेला में 7 बजे से कैंप प्रारंभ होगा। आचार्य गुरुवर का समूचा संघ भी कैम्प उद्घाटन में आशीर्वाद देने उपस्थित रहेगा।




