जयपुर। भगवान महावीर तपोभूमि उज्जैन के प्रणेता आचार्य श्री प्रज्ञा सागर जी महाराज की प्रेरणा और आशीर्वाद से निमोडिया चाकसू में गोलोक धाम नवनिर्मित क्षेत्र गोवंश के लिए पूर्ण अभयारण्य के रूप में विकसित किया जा रहा है। आचार्य श्री ने कहा कि यह परियोजना केवल एक गौशाला नहीं है, यह तो गोवंश के लिए पूरे जीवन चक्र और उसके महत्व को समाज तक पहुंचाने का प्रयास है। यह परियोजना आत्मनिर्भर मॉडल के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां जैविक खेती, गोबर की खाद निर्माण, गोमूत्र आधारित उत्पाद, दूध उत्पादन से संबंधित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।

श्रमण संस्कृति की रक्षा का संकल्प लेकर रक्षा सूत्र बंधवाए

जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि 29 अगस्त को प्रातः 10 बजे जैन पत्रकारों का एक प्रतिनिधि मंडल राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया के नेतृत्व में जयपुर से गोलोक धाम निमोडिया पहुंचकर आचार्य श्री के दर्शन किए। श्रीफल चढ़ाए और श्रमण संस्कृति की रक्षा का संकल्प लेकर रक्षा सूत्र बंधवाया। प्रतिनिधि मंडल ने गौशाला का व संपूर्ण परिसर का अवलोकन किया, गायों को चारा खिलाया, अवलोकन करने के पश्चात वहां की गतिविधियों और निर्माण कार्यों का गोलोक धाम समिति की भूरि भूरि प्रशंसा की।

गोद भराई रस्म में भी शामिल हुए

इस अवसर पर जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया ने कहा कि गोलोक धाम में सड़क पर भटकने वाले ‌, बीमार और बेसहारा गायों का सुरक्षित स्थान है, जैन समाज व संस्थाओं को ऐसे परोपकारी कार्यों में सहयोग कर गोवंश संरक्षण करना चाहिये।

जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिलीप जैन ने अवगत कराया कि आज हम सब का पुण्य है कि ऐसे सुंदर स्थान के दर्शन किये, अवलोकन किया और आचार्य श्री द्वारा कराई जा रही पूजा और हवन के साथ ब्र. दर्शन जी जो आचार्य श्री प्रमुख सागर जी महाराज से 1 नवंबर 2026 को तुमकर कर्नाटक में जिन दीक्षा ले रहे हैं उनकी गोद भराई रस्म में भी शामिल होने का अवसर मिला।

पत्रकार प्रतिनिधि मंडल का किया सम्मान

इस अवसर पर गोलोक धाम सेवा समिति के अध्यक्ष देवेंद्र जैन निमोडिया, छोटा गिरनार, बापूगांव के अध्यक्ष प्रकाश चन्द बाकलीवाल एवं पदाधिकारियों ने सभी उपस्थित पत्रकारों व एक दिन के चातुर्मास पुण्यार्जक समाज श्रेष्ठी चेतन जैन केकड़ी परिवार का तिलक माला दुपट्टा व साफा पहनाकर सम्मान किया। प्रतिनिधिमंडल में रमेश जैन तिजारिया, उदयभान जैन, दिलीप जैन, बलवंत राज मेहता, ज्ञानचंद पाटनी सुरेंद्र कुमार जैन बडजात्या, अरुण जैन, शुभम जैन, अनीष जैन नीलम जैन दिल्ली, अनीता बडजात्या जयपुर आदि शामिल हुए।

रायपुर राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होने की सहमति

राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि आचार्य श्री प्रज्ञा सागर जी के सानिथ्य में आगामी नवम्बर माह में पत्रकार सम्मेलन रखा जाएगा। आचार्य श्री से 30 सितंबर को रायपुर (छत्तीसगढ़) में होने वाले राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन के लिए भी आशीर्वाद प्राप्त किया।उपस्थित सभी पत्रकारों ने रायपुर राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होने की सहमति प्रकट की और देश के सभी जैन पत्रकारों से इस सम्मेलन में पहुंचने का निवेदन किया।