आगरा में उपाध्यायश्री विहसंतसागर जी महाराज एवं मुनिश्री विश्वसौम्य सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में पूरे नगर में 8 महीने तक बहुत धर्म प्रभावना हुई। इस दौरान नगर के भक्तों को धर्म लाभ मिला। रविवार को उपाध्यायश्री विहसंतसागर जी ससंघ का कमला नगर स्थित डी-ब्लॉक इंदौर पदयात्रा शुरू हुई। इससे पूर्व धर्मसभा हुई। जैन समाज के भक्तों ने पाद प्रक्षालन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। पढ़िए आगरा से मनोज जैन बाकलीवाल की यह खबर...
आगरा। समाधिस्थ आचार्यश्री विरागसागर जी महाराज एवं आचार्यश्री विशुद्धसागर जी महाराज के आशीर्वाद से मेडिटेशन गुरु उपाध्यायश्री विहसंतसागर जी महाराज एवं मुनिश्री विश्वसौम्य सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में पूरे नगर में 8 महीने तक बहुत धर्म प्रभावना हुई। चाहे वर्षायोग हो या नवीन जिनमंदिरों, नवीन संतशालाओं, स्कूलों का निर्माण कार्य। सभी कार्य विधिवत प्रारंभ हुए। इसी अवसर पर आगरा दिगंबर जैन परिषद, आगरा अर्पितमय पावन वर्षायोग समिति के तत्वावधान में रविवार को उपाध्यायश्री विहसंतसागर जी ससंघ का कमला नगर स्थित डी-ब्लॉक इंदौर पदयात्रा शुरू हुई। इसका शुभारंभ धर्मसभा के साथ हुआ।धर्मसभा में सुनी मंगलवाणी
धर्मसभा का शुभारंभ बालिका ने मंगलाचरण के साथ किया। आगरा दिगंबर जैन परिषद के पदाधिकारियों ने समाधिस्थ आचार्य श्री विरागसागर जी महाराज के चित्र का अनावरण कर दीप प्रज्जवलन किया। भक्तों को उपाध्याय श्री विहसंतसागर जी महाराज की मंगल वाणी श्रवण करने का अवसर प्राप्त हुआ। धर्मसभा के बाद मेडिटेशन गुरु उपाध्यायश्री विहसंतसागर जी महाराज ससंघ ने श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर कमलानगर से शोभायात्रा यात्रा के साथ इंदौर सुमतिधाम के लिए मंगल विहार किया। मंगल विहार के दौरान मार्ग में भक्तों ने उपाध्यायश्री के चरणों का प्रक्षालन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मंगल विहार में कमलानगर अवधपुरी, ताजगंज, बेलनगंज, सदर, छीपीटोला, धूलियागंज, नुनिहाई, ट्रॉंस यमुना कॉलोनी, जयपुर हाउस के अलावा आगरा की विभिन्न शैलियों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




