मुरैना। श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती बड़ा मंदिर की धर्मसभा में आचार्य श्री उदारसागरजी महाराज ने श्रावकों के पांच अणुव्रतों में अचौर्याणुव्रत की महत्ता बताते हुए कहा कि चोरी केवल किसी का धन, आभूषण या कीमती वस्तु चुराना ही नहीं है, बल्कि किसी का अधिकार दबाना, बिना अनुमति दूसरे की वस्तु का उपयोग करना और अनुचित तरीके से किसी की संपत्ति प्राप्त करना भी अचौर्यव्रत का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि मनुष्य अपने शरीर की छोटी-सी तकलीफ जानने के लिए एक्स-रे कराता है, लेकिन कभी अपनी आत्मा का एक्स-रे करके यह जानने का प्रयास नहीं करता कि क्रोध, मान, माया और लोभ जैसी कषायों ने उसके व्यक्तित्व को कितना खंडित कर दिया है। हमें समय-समय पर आत्मनिरीक्षण कर अपने भीतर झांकना चाहिए।

कषायों से खंडित व्यक्तित्व भी पूजनीय नहीं बन पाता

आचार्य श्री ने आत्मनिरीक्षण का महत्व समझाते हुए कहा कि जिस प्रकार एक्स-रे से शरीर की टूट-फूट का पता चलता है, उसी प्रकार मनुष्य को अपने जीवन का परीक्षण करना चाहिए कि कषायों के कारण उसके परिणाम कितने दूषित हो चुके हैं। जिस प्रकार खंडित प्रतिमा पूजनीय नहीं होती, उसी प्रकार कषायों से खंडित व्यक्तित्व भी पूजनीय नहीं बन पाता। मनुष्य का वास्तविक सौंदर्य उसके बाहरी स्वरूप में नहीं, बल्कि निर्मल परिणामों और पवित्र आचरण में होता है।

अमृत को मनुष्य के हृदय में रख देना चाहिए

सागर मंथन के अमृत का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने कहा कि जब अमृत निकला तो उसे सुरक्षित रखने के स्थान पर विचार हुआ। किसी ने सुझाव दिया कि अमृत को मनुष्य के हृदय में रख देना चाहिए, क्योंकि मनुष्य दूसरों की बुराइयां तो आसानी से देख लेता है, लेकिन अपने भीतर छिपे दोषों को देखने का प्रयास नहीं करता। इस प्रसंग से उन्होंने प्रेरणा दी कि दूसरों के दोष निकालने से पहले स्वयं के दोषों को पहचानकर उन्हें दूर करने का प्रयास करना चाहिए। आत्मकल्याण का मार्ग आत्मसुधार से ही प्रारंभ होता है।

पराई वस्तु को बिना अनुमति लेना भी चोरी

अचौर्याणुव्रत की व्याख्या करते हुए आचार्य श्री ने रत्नकरण्ड श्रावकाचार की गाथा 57 का उल्लेख किया—

निहितं वा पतितं वा सुविस्मृतं वा परस्वमविसृष्टम्।

न हरति यन्न च दत्ते तदकृशचौर्यादुपारमणम्॥57॥

उन्होंने बताया कि किसी दूसरे व्यक्ति का जमीन में गड़ा हुआ धन, छिपाकर रखी गई वस्तु, अमानत के रूप में सौंपी गई सामग्री, रास्ते में पड़ी हुई वस्तु अथवा भूलवश किसी के पास रह गई धन-संपत्ति को बिना अनुमति ग्रहण करना चोरी है। इतना ही नहीं, किसी दूसरे की वस्तु को उठाकर किसी तीसरे व्यक्ति को दे देना भी चोरी की श्रेणी में आता है। अचौर्याणुव्रत का वास्तविक अर्थ है कि व्यक्ति स्वयं चोरी न करे और न ही किसी दूसरे की चोरी में सहयोगी बने।

बिजली की चोरी भी अचौर्यव्रत के विरुद्ध

आचार्य श्री ने वर्तमान जीवन से जुड़े उदाहरण देते हुए कहा कि बिजली की चोरी करना, किसी का अधिकार दबाना, बिना अनुमति दूसरे की वस्तु का उपयोग करना और किसी की भूली हुई वस्तु को अपनी समझकर रख लेना भी चोरी के ही स्वरूप हैं। चोरी छोटी हो या बड़ी, अनुचित तरीके से दूसरे की वस्तु प्राप्त करना आत्मा के परिणामों को दूषित करता है। उन्होंने दान की पवित्रता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अपनी मेहनत और ईमानदारी की कमाई में से दिया गया दान ही वास्तविक पुण्यार्जन का माध्यम है। चोरी के धन से दान करने पर सच्चे दान की भावना नहीं आ सकती। धर्म का आधार केवल दान देना नहीं, बल्कि धन अर्जित करने और उसका उपयोग करने की पवित्रता भी है। प्रत्येक श्रावक को परधन की इच्छा त्यागकर संतोष, ईमानदारी और नैतिकता का जीवन अपनाना चाहिए।

अपनी कमाई पर संतोष करना चाहिए

धर्मसभा में मुनि श्री 108 उपशांतसागर महाराज ने संबोधित करते हुए कहा कि धर्म का वास्तविक स्वरूप जीवन में सदाचार और नैतिकता को अपनाने में है। मनुष्य को हमेशा अपनी मेहनत की कमाई पर संतोष करना चाहिए तथा किसी दूसरे की वस्तु या संपत्ति पर अधिकार जमाने का विचार भी नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि धर्म केवल मंदिर आने, पूजा-पाठ करने और दान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे दैनिक व्यवहार में ईमानदारी, संयम और परोपकार के रूप में दिखाई देना चाहिए। व्यक्ति के विचार और आचरण जितने पवित्र होंगे, उसका जीवन उतना ही सार्थक बनेगा।

शांतिविधान का हुआ भव्य आयोजन

धर्मसभा का संचालन एवं मंगलाचरण विद्वान नवनीत जैन शास्त्री ने किया। इस अवसर पर नेमीचंद, राकेश कुमार जैन, जितेंद्र कुमार, रितेश जैन समस्त ट्रांसपोर्ट परिवार द्वारा चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन एवं शास्त्र समर्पण किया गया। इसी परिवार के सौजन्य से श्री शांतिविधान का आयोजन भी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने आचार्य श्री एवं मुनि श्री के मंगल प्रवचनों का लाभ लेकर धर्मलाभ अर्जित किया।