मुरैना। शहर के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में भगवान मुनिसुव्रतनाथ जी की प्रतिमा से चांदी के छत्र चोरी होने की घटना का मुरैना पुलिस ने तत्परता एवं कुशलता के साथ पर्दाफाश करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए चांदी के छत्र बरामद कर लिए। पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से सकल जैन समाज में संतोष एवं प्रसन्नता का माहौल है। जैन समाज ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर कमेटी के अध्यक्ष अनिल जैन ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस टीम ने विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई और चोरी किए गए चांदी के छत्रों को बरामद करने में सफलता प्राप्त की। मंदिर से जुड़ी धार्मिक एवं आस्था की वस्तुओं की चोरी का खुलासा होने से जैन समाज में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। समारोह में डीआईजी चंबल रेंज सुनील कुमार जैन एवं मुरैना पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना, नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदोरिया, कोतवाली थाना प्रभारी अतुल भदौरिया सहित सभी सहयोगी पुलिस कर्मचारियों की पूरी टीम का सम्मान किया जाएगा।

जैन समाज करेगा पुलिस टीम का सम्मान

मुरैना पुलिस की इस सराहनीय कार्रवाई के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से सकल जैन समाज, मुरैना एवं श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर कमेटी द्वारा सोमवार 24 अगस्त को शाम 7 बजे बड़े जैन मंदिर प्रगाढ़ में सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। सम्मान समारोह में डीआईजी चंबल रेंज, मुरैना पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं समस्त पुलिस स्टाफ को सम्मानित किया जाएगा। समाज की ओर से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया जाएगा।

पदाधिकारी मौजूद रहेंगे

24 अगस्त को शाम 7 बजे श्री दिगंबर जैन पंचायती बड़ा मंदिर में समारोह में सकल जैन समाज के पदाधिकारी, मंदिर कमेटी के सदस्य एवं समाजबंधु उपस्थित रहेंगे। जैन समाज के पदाधिकारियों ने समाज के सभी सदस्यों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में समारोह में उपस्थित होकर मुरैना पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान करें तथा उनकी सराहनीय कार्यवाही के लिए उनका उत्साहवर्धन करें। समाज ने कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामलों में पुलिस की तत्परता सराहनीय है। ऐसे कार्यों से पुलिस और समाज के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग की भावना और मजबूत होती है।