कुपवाड(सांगली)। आचार्य श्री विद्यासागर महाराज ससंघ के सान्निध्य में कुपवाड स्थित 1008 पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर (लाल) द्वारा आयोजित श्री सिद्धोत्सव आराधना एवं विश्वशांति महायज्ञ महोत्सव में भक्ति, श्रद्धा और संस्कारों का अद्भुत संगम देखने को मिला। महोत्सव के अंतर्गत 20 नवंबर को आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने कहा कि 'जियो और जीने दो', यह उदात्त विचार जैन धर्म ने संपूर्ण विश्व को दिया है। दुनिया में अनेक धर्म और उनके संस्थापक हैं, लेकिन मानवता, अहिंसा, सह-अस्तित्व और सभी जीवों को जीने का अधिकार देने वाली उच्च विचारधारा जैन धर्म से ही सामने आई है। पृथ्वी के प्रत्येक जीव को जीने का अधिकार है, यह शिक्षा जैन धर्म देता है। उन्होंने कहा कि जैन धर्म के ये उच्च विचार केवल एक समाज तक सीमित न रहकर पूरे समाज तक पहुंचना आवश्यक है। धर्मकार्य केवल कुछ व्यक्तियों का नहीं होता, बल्कि इसमें कार्यकर्ताओं सहित समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता महत्वपूर्ण होती है। सभी के सामूहिक प्रयासों से ही धार्मिक और सामाजिक कार्यों को व्यापक स्वरूप प्राप्त होता है। धर्म के अच्छे विचारों को अपने आचरण में उतारकर उन्हें समाज तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सभी को निभानी चाहिए। इस महोत्सव को जैन समाज के लोगों का उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला।

सिद्धोत्सव आराधना महामहोत्सव में नाटक मंचन

सुबह 7 बजे राजा श्रीपाल (सुकुमार पाटील) और मैना सुंदरी (त्रिशला सुकुमार पाटील) का मंगल वाद्ययंत्रों की गूंज के साथ मंडप में आगमन हुआ। साथ ही हाथी पर जलकुंभ की भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। श्री सिद्धोत्सव आराधना महामहोत्सव में 'राजा श्रीपाल और मैना सुंदरी' नाट्यप्रयोग हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। भक्ति, श्रद्धा, समर्पण और अटल विश्वास का संदेश देने वाला यह भव्य नाट्यप्रयोग अत्यंत उत्साहपूर्ण वातावरण में प्रस्तुत किया गया।

अनमोल संदेश श्रद्धालुओं तक पहुंचा

कलाकारों की अद्भुत प्रस्तुति, भक्ति और संस्कारों के सुंदर संगम ने उपस्थित सभी लोगों का मन जीत लिया। हर प्रसंग को दर्शकों की भरपूर सराहना मिली। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा और हर ओर इस प्रस्तुति की प्रशंसा हो रही थी। इस सुंदर नाट्यप्रयोग के माध्यम से धार्मिक संस्कार, भक्ति और जीवन मूल्यों का अनमोल संदेश श्रद्धालुओं तक पहुंचा।