इंदौर। मुनिपुंगव श्री सुधासागर जी के विद्या सुधा देशना मंडप में पर्युयण पर्व के अवसर पर दस दिवसीय दशलक्षण पर्व में श्रावक संस्कार शिविर लगाया जा रहा है। इसमें देश-विदेश से करीब 6 हजार से अधिक हर उम्र और वय के श्रावक मुनिश्री से उपदेश ग्रहण कर जीवन में उतार रहे हैं। संयम, तप, चारित्र और सम्यक ज्ञान के माध्यम से जीवन को मंगलमय बनाने में जुटे हैं। शिविरार्थियों को अपने घरों और मंदिरों में लेकर जाकर शुद्ध और सात्विक भोजन करवाने के लिए दिगंबर समाज के लोग बड़ी संख्या में पहल कर रहे हैं। इसी निमित्त सोमवार को क्लर्क कॉलोनी स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में लगाए चौके सहित कॉलोनी में निवासरत जैन समाज के बंधुओं ने शिविरार्थियों के लिए भोजन का प्रबंध किया।

शिविरार्थियों ने गोधा परिवार के इस सेवा कार्य की अनुमोदना की

सोमवार को मंदिर जी में चातुर्मास समिति के चक्रवर्ती नवीन आनंद गोधा परिवार ने भी 400 लोगों को शुद्ध जैन भोजन परोस कर पुण्यलाभ अर्जित किया। सामाजिक संसद के अध्यक्ष आनंद गोधा ने शिविरार्थियों को मंदिर में श्री जी के दर्शन करवाए। उन्होंने मंदिर से जुड़े इतिहास और यहां की विशेषताओं की जानकारी प्रदान की। सभी शिविरार्थियों ने गोधा परिवार के इस सेवा कार्य की खूब-खूब अनुमोदना की। इस अवसर पर आचार्यश्री विद्याासागर जी महाराज, मुनिश्री सुधासागर जी महाराज के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।

दर्शन कर धूप क्षेपण कर पुण्य लाभ किया अर्जित

वहीं चक्रवर्ती नवीन गोधा ने बताया कि कॉलोनी में प्रतिदिन 200 तथा मंदिर में लगाए गए चौका में 200 से अधिक शिविरार्थियों को भोजन करवाया जा रहा है। वहीं शिविरार्थियों ने भगवान महावीर जी के समवशरण में धूप दशमी के पुण्य पर्व पर भगवान के दर्शन कर धूप क्षेपण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस अवसर पर गोधा परिवार से आनंद गोधा, अंकिता गोधा, नवीन गोधा, शिवानी गोधा, एमके जैन सहित बड़ी संख्या में सेवाभावी समाजबंधुओं ने शिविरार्थियों को भोजन परोसने में बढ़चढ़कर हिस्सा लिया।