कोटा। त्याग, तपस्या, संयम और आध्यात्मिक साधना की गौरवशाली परंपरा के संवाहक समाधिस्थ आचार्य श्री 108 शांतिसागर जी महामुनिराज ‘छाणी’ के आचार्य पदारोहण शताब्दी वर्ष 2026-27 का शुभारंभ रविवार को कोटा के विज्ञान नगर स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर धर्मशाला में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। समारोह में आचार्य श्री के उपदेशों और सिद्धांतों को देशभर में प्रसारित करने के उद्देश्य से तैयार विशेष धर्म प्रभावना रथ का लोकार्पण एवं प्रवर्तन किया गया। वहीं गणिनी आर्यिका श्री 105 स्वस्तिभूषण माताजी के पावन सानिध्य में धर्मसभा में 108 बालकों ने मुनिराज स्वरूप धारण कर आचार्य श्री के त्याग, तप और साधना की जीवंत झलक प्रस्तुत की। बालकों के इस अनूठे आयोजन के लिए गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण एवं अष्टद्रव्य से गणिनी आर्यिका श्री 105 स्वस्तिभूषण माताजी की पूजन के साथ हुआ। आचार्य पदारोहण शताब्दी वर्ष 2026-27 के शुभारंभ समारोह में देशभर से आए गुरु भक्तों, जैन समाज के प्रतिनिधियों एवं धर्मानुरागियों ने सहभागिता की।
108 बालकों ने मुनिराज स्वरूप में दिया अनूठा संदेश
समारोह का मुख्य आकर्षण 108 बालकों का मुनिराज स्वरूप में मंच पर एक साथ प्रवेश रहा। सभी बालकों ने पिच्छिका के प्रतीक के साथ मुनिराज का स्वरूप धारण किया। आचार्य श्री शांतिसागर जी महाराज के आदर्शों को बाल स्वरूपों में साकार होते देख श्रद्धालु भावविभोर हो गए और पूरा परिसर गुरु भक्ति के जयकारों से गूंज उठा। इस अनूठे आयोजन को विश्व रिकॉर्ड के लिए प्रस्तुत किया गया। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान कर आयोजन को विशेष उपलब्धि के रूप में सम्मानित किया गया।
आचार्य के जीवन पर नाट्य मंचन ने किया भावविभोर
समारोह में आचार्य श्री शांतिसागर जी महाराज के जीवन पर आधारित विशेष नाट्य प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमुदाय को भावविभोर कर दिया। कलाकारों ने उनके जन्म, गृहस्थ जीवन, वैराग्य, दीक्षा और आचार्य पद तक की आध्यात्मिक यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक में दिखाया गया कि किस प्रकार गृहस्थ जीवन के केवलदास ने सांसारिक मोह का त्याग कर दिगंबर मुनि शांतिसागर के रूप में आध्यात्मिक ऊंचाइयों को प्राप्त किया।
शताब्दी वर्ष फोल्डर सहित महत्वपूर्ण पुस्तकों का विमोचन
समारोह में आचार्य पदारोहण शताब्दी वर्ष की गतिविधियों एवं आयोजनों की जानकारी देने वाले शताब्दी वर्ष फोल्डर का विमोचन किया गया। इसके साथ ही ‘आचार्य सूर्यसागर ग्रंथ’, ‘शांति संदेश’ तथा ‘ज्योतिर्धर आचार्य शांतिसागर’ पुस्तक का भी विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया। इन प्रकाशनों के माध्यम से आचार्य श्री के जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व, आध्यात्मिक योगदान और गुरु परंपरा को समाज के सामने प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया। विमोचन समारोह में उपस्थित गुरु भक्तों ने इसे शताब्दी वर्ष की महत्वपूर्ण साहित्यिक उपलब्धि बताया।
देशभर में गुरु संदेश लेकर निकलेगा धर्म प्रभावना रथ
शताब्दी वर्ष का विशेष आकर्षण आचार्य श्री शांतिसागर जी महाराज के उपदेशों, विचारों, त्यागमय जीवन और विराट व्यक्तित्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार विशेष धर्म प्रभावना रथ का लोकार्पण एवं प्रवर्तन रहा। समारोह समिति के अध्यक्ष हसमुख गांधी ने बताया कि यह रथ देश के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर आचार्य श्री के जीवन दर्शन, सिद्धांतों और आध्यात्मिक संदेश का प्रचार-प्रसार करेगा। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को संयम, त्याग, तपस्या और जैन संस्कृति की गौरवशाली परंपरा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। महासभा अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि गजराज गंगवाल ने कहा कि आचार्य पदारोहण शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में अनेक धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने आगामी जनगणना में जैन समाज के प्रत्येक परिवार से धर्म के कॉलम में जैन धर्म का उल्लेख सुनिश्चित करने की अपील भी की।
देशभर से आए अतिथियों का हुआ सम्मान
समारोह में दिल्ली के गजराज गंगवाल, समारोह समिति के अध्यक्ष हसमुख गांधी, समिति कार्याध्यक्ष विनोद जैन टोरडी, योगेश जैन खतौली, आनंद जैन, महामंत्री ज्ञानेंद्र जैन, समन्वयक शरद पानोत, रजनीश जैन, यथार्थ पाटनी, अनिल काला, नरेश वैद, कमल बाकलीवाल, नरेंद्र बुढ़ाना, रितेश सेठी, पवन सेठी, दिनेश जैन सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए गुरु भक्त एवं समाजजन उपस्थित रहे। संचालन समिति के परामर्शदाता डॉ. अनुपम जैन, इंदौर ने किया। अनिल ठोरा ने बताया कि कार्यक्रम में पाद प्रक्षालन का सौभाग्य आनंद जैन, दिल्ली को प्राप्त हुआ। शास्त्र भेंट का पुण्यार्जन श्रेय जैन, सिद्धार्थ जैन, सुरेश जैन, मुंबई, पिस्ताबाई, हसमुख जैन गांधी एवं सुनील जैन बंधु को मिला। वस्त्र भेंट का सौभाग्य सुनील जैन बंधु को प्राप्त हुआ। वहीं धर्म प्रभावना रथ के उद्घाटन का पुण्य अवसर मुख्य अतिथि महासभा अध्यक्ष गजराज गंगवाल को मिला। इस आयोजन के साथ आचार्य पदारोहण शताब्दी वर्ष के अंतर्गत वर्षभर चलने वाले धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला का विधिवत शुभारंभ हुआ। धर्म प्रभावना रथ के माध्यम से आचार्य श्री का त्याग, तपस्या, संयम और आत्मकल्याण का संदेश देशभर में प्रसारित होगा।



