सिहोनियां/मुरैना। श्री 1008 शांतिनाथ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र सिहोनियां में वार्षिक मेला महोत्सव एवं भगवान शांतिनाथ का महामस्तकाभिषेक श्रद्धा, धार्मिक उल्लास और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। भगवान शांतिनाथ के जयकारों से पूरा अतिशय क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
सुबह से उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
मुरैना, अंबाह सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में पहुंचे। अंबाह में चातुर्मासरत क्षुल्लिका माताजी के पावन सान्निध्य में प्रातः 7 बजे नित्याभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन-अर्चन के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ।
प्रातः 10 बजे प्रतिष्ठाचार्य पं. राजेंद्र जैन शास्त्री मगरौनी एवं पं. संजय शास्त्री के निर्देशन में श्री शांतिनाथ महामंडल विधान संपन्न हुआ। पूज्य माताजी ने प्रवचन में क्षमा, अहिंसा, करुणा और भाईचारे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए धर्ममय जीवन जीने का संदेश दिया।
प्रासुक जल से हुआ महामस्तकाभिषेक
संध्याकाल में भगवान शांतिनाथ, कुंथुनाथ एवं अरहनाथ की विशाल प्रतिमाओं का प्रासुक एवं शुद्ध जल से महामस्तकाभिषेक किया गया। कलशों से जलधारा प्रवाहित होते ही पूरा परिसर जयकारों और शांतिधारा के मंत्रों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने विश्व शांति एवं जगत कल्याण की मंगलकामना की।
अभिषेक और शांतिधारा का सौभाग्य
भगवान शांतिनाथ, कुंथुनाथ एवं अरहनाथ का प्रथम अभिषेक करने का सौभाग्य सीताराम-महावीर प्रसाद जैन नोनेरा वाले, खोड़ा दिल्ली; महेशचंद्र-अंकित जैन ऐसाह वाले, ग्वालियर; तथा संजय-यश जैन चौधरी परिवार, अंबाह को प्राप्त हुआ।
शांतिधारा का सौभाग्य निकेत भंडारी, लवीश जैन छीपीटोला आगरा, महेशचंद्र-बनवारीलाल जैन तथा सनतकुमार-हर्षुल जैन, ग्वालियर को मिला।
समिति ने संभाली व्यवस्थाएं
कार्यक्रम का संचालन क्षेत्र के परम संरक्षक जिनेश जैन, अंबाह ने किया। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क वात्सल्य भोज की व्यवस्था की गई।
आयोजन को सफल बनाने में श्री 1008 शांतिनाथ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र कमेटी सिहोनियां एवं कार्यकारिणी का योगदान रहा। परम संरक्षक जिनेश जैन, संरक्षक आशीष जैन सोनू, अध्यक्ष रविंद्र जैन टिल्लू, उपाध्यक्ष नीलेश जैन, मंत्री विवेक जैन बंटी एवं कोषाध्यक्ष रवि जैन सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता व्यवस्थाओं में सक्रिय रहे।
श्रीफल साथी : मनोज जैन नायक, मुरैना





