पुरुलिया (पश्चिम बंगाल)। सराकोद्धारक आचार्य श्री ज्ञानसागर जी महाराज की प्रेरणा तथा आचार्य श्री ज्ञेयसागर जी महाराज, आर्यिका श्री स्वस्ति भूषण माताजी, आर्यिका श्री आर्ष माताजी एवं आर्यिका श्री सुज्ञानमती माताजी के आशीर्वाद से पश्चिम बंगाल, झारखंड और उड़ीसा के सराक क्षेत्रों में पर्युषण महापर्व धर्मप्रभावना के साथ संपन्न हुआ।

ब्र. मंजुला दीदी के निर्देशन में 16 से 25 सितंबर 2025 तक आयोजित महापर्व में तीन राज्यों के लगभग 50 गांवों से दो हजार श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। समापन जलविहार एवं शोभायात्रा के साथ हुआ।

प्रतिदिन हुए पूजन, प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम

महापर्व के दौरान प्रतिदिन मंदिरों में नित्य नियम पूजन, आरती, प्रवचन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में बनारस से पं. मनीष शास्त्री, पं. सुभाष शास्त्री, पं. आकाश शास्त्री, पं. हर्षल शास्त्री एवं पं. अरिहंत शास्त्री ने धार्मिक कार्यक्रम संपन्न कराए।

पुरुलिया जिले में मध्यप्रदेश से पं. मुन्नालाल जैन सागर एवं पं. राजकुमार जैन कर्द ने सहभागिता की। उड़ीसा में हेमंत जैन सराक तथा झारखंड में सृष्टिधर जैन, अनुज जैन एवं अमित जैन ने धार्मिक आयोजनों में सहयोग दिया।

सराक समाज को जैन समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास

झारखंड से सृष्टिधर जैन ने बताया कि सराक क्षेत्र में वर्ष 1993 से आचार्य ज्ञानसागर जी महाराज के सतत पदार्पण के बाद सराक समाज जैन समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए सक्रिय है। समाजजन अपने जैन मूल एवं पूर्वजों की परंपरा से परिचित हैं।

आचार्यश्री की प्रेरणा से अनेक जिनमंदिरों के निर्माण के साथ कंप्यूटर सेंटर, सिलाई सेंटर एवं होम्योपैथिक क्लिनिक का संचालन भी किया जा रहा है। सराक ट्रस्ट के संजय पाटनी, रांची एवं सृष्टिधर सराक जैन द्वारा झारखंड के अनेक गांवों में ज्ञान-संस्कार शिक्षण शिविर आयोजित किए गए।

शिविरों से संस्कार और शिक्षा का विस्तार

संयोजक मनीष विद्यार्थी ने बताया कि प्रतिवर्ष शीतकालीन एवं ग्रीष्मकालीन शिविरों के साथ पर्युषण पर्व के अवसर पर भी धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन किए जाते हैं।

ब्र. मंजुला दीदी ने बताया कि आचार्य ज्ञानसागर जी महाराज की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से पश्चिम बंगाल, झारखंड एवं उड़ीसा के सराक समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

स्थानीय समितियों का रहा सहयोग

कार्यक्रम आयोजन में स्थानीय सराक समिति अध्यक्ष पुटुक सराक जैन रघुनाथपुर, गया राम जैन अध्यक्ष लखनपुर, संजय सराक जैन, डॉ. प्रदीप जैन, लखन सराक जैन राजामेला, सेंटर कार्यकर्ता गौरांग रामदुलार, शक्तिपथ एवं भारतवर्षीय दिगंबर जैन सराक ट्रस्ट का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

जैनम फाउंडेशन दिल्ली तथा पश्चिम बंगाल, झारखंड एवं उड़ीसा की स्थानीय सराक समितियों ने भी आयोजन में सहभागिता निभाई।

एक नजर में

पर्युषण महापर्व 16 से 25 सितंबर 2025 तक आयोजित हुआ।

तीन राज्यों के 50 गांवों से लगभग दो हजार श्रद्धालु जुड़े।

पूजन, आरती, प्रवचन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।

ज्ञान-संस्कार शिक्षण शिविरों के माध्यम से समाज को जोड़ा गया।

जलविहार एवं शोभायात्रा के साथ महापर्व का समापन हुआ।