सनावद। बहुमुखी प्रतिभा की धनी डॉ. शिवानी अनुराग जैन का असम राइफल्स की ओर से नागालैंडवासियों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए चयन हुआ है। इस उपलब्धि को उनके परिवार और समाज ने गौरव एवं प्रेरणा का विषय बताया है।

सन्मति जैन काका के अनुसार डॉ. शिवानी वर्तमान में म्यांमार सीमा क्षेत्र में रहकर चिकित्सा सेवाएं दे रही हैं। नागालैंड में चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी उनके सेवा-भाव, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाती है।

चिकित्सा के साथ देशसेवा का संकल्प

डॉ. शिवानी अंतरराष्ट्रीय दिगंबर जैन पोरवाड़ सामाजिक मंच की चिकित्सा संयोजक एवं मुख्य शिक्षा प्रभारी डॉ. मंजुला इंद्रकुमार जैन, नासिक की बहू हैं। चिकित्सा क्षेत्र में अपनी सेवाएं देने के साथ उन्होंने देशसेवा की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।

उनकी इस उपलब्धि को समाज ने युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरक बताया है कि प्रतिभा और योग्यता के माध्यम से मानवता की सेवा तथा राष्ट्र के प्रति दायित्वों का निर्वहन किया जा सकता है।

एवरेस्ट बेस कैंप तक कर चुकी हैं ट्रेकिंग

डॉ. शिवानी चिकित्सा सेवा के साथ साहसिक गतिविधियों में भी रुचि रखती हैं। वे दो वर्ष पूर्व एवरेस्ट बेस कैंप तक ट्रेकिंग कर चुकी हैं।

समाज ने दी बधाई

अंतरराष्ट्रीय दिगंबर जैन पोरवाड़ सामाजिक मंच परिवार ने डॉ. शिवानी अनुराग जैन को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामना की। मंच परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि वे अपनी चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से नागालैंड के लोगों के स्वास्थ्य हित में सार्थक योगदान देंगी।

दिगंबर जैन पोरवाड़ समाज के अध्यक्ष एवं समस्त सदस्यों ने भी डॉ. शिवानी को बधाई प्रेषित की।

श्रीफल साथी : सन्मति जैन काका, सनावद