सीकर। दिगंबर जैन साधु का संयम उपकरण पिच्छी और कमंडल है। यह जिन मुद्रा एवं करुणा का प्रतीक है, पिच्छी के बिना साधु का अहिंसा मय महाव्रत का पालन नहीं हो सकता। इस कारण समस्त दिगंबर साधु वर्ष में एक बार पिच्छी का परिवर्तन करते हैं। आचार्य श्री ने पिच्छी के गुण में बताया कि यह धूल ग्रहण नहीं करती, लघुता रहती है, पसीना ग्रहण नहीं करती, सुकुमार कोमलता, झुकने वाली होती है। यहां तक भी देखा गया है कि मोर पंख यदि आंखों में लग जाए तो बहुत चुभता नहीं है इससे आंसू नहीं आते और कष्ट नहीं होता। सीकर में अनेक रत्न हैं जैसे गुरुजी धर्मचंद शास्त्री जो संघ के साधुओं को अध्ययन कराते है। यह मंगल देशना आचार्य श्री वर्धमान सागर जी ने 40 साधुओं के पिच्छी परिवर्तन समारोह के अवसर पर बुधवार को आचार्य धर्मसागर सभागृह के श्री पारसनाथ जिनालय परिसर दंग की नसिया की महती धर्मसभा में प्रगट की।
मयूर पिच्छी से सूक्ष्म से सूक्ष्म जीवों की रक्षा
गुरु भक्त डॉ. राजेश पंचोलिया अनुसार आचार्य श्री ने आगे बताया कि जिन्होंने साधुओं को संयम उपकरण पिच्छी देकर अनुमोदना की है। उन्होंने पुण्य का अर्जन किया है मयूर पिच्छी से कोमल वस्तु संसार में नहीं है । दो समाधि महोत्सव को आपने आंखों से देखा है। साधु एक वर्ष में मयूर पिच्छी से सूक्ष्म से सूक्ष्म जीवों की रक्षा करते हैं। अहिंसा महाव्रत के परिपालन का अन्य कोई उदाहरण देखने में नहीं आता है। आचार्य श्री संघ में सभी 40 साधुओं की पुरानी पिच्छी नियमों व्रत के आधार पर पुण्यशाली परिवारों को दी गई। आर्यिका श्री महायश मति जी की पुरानी पिच्छी कुमारी मेघा राजेश बड़जात्या सीकर को, मुनि श्री हितेंद्रसागर जी की पुरानी पिच्छी पदम, विनोद धाकड़ा परिवार चेन्नई को तथा आचार्य श्री वर्धमान सागर जी की पुरानी पिच्छी का सौभाग्य को पवन मोदी कोलकाता को प्राप्त हुआ। पूर्वाचार्यों के चित्र समक्ष चित्र अनावरण कर दीप प्रज्वलन एवं मंगलाचरण हुआ। आचार्य श्री वर्धमान सागर जी के चरण प्रक्षालन एवं जिनवाणी भेंटकर सौभाग्यशाली परिवार ने आशीर्वाद प्राप्त किया। मंच संचालन मुनि श्री हितेंद्रसागर जी ने किया।




