मुरैना। धर्मनगरी आगरा के अवधपुरी स्थित श्री पद्मप्रभु जिनालय में आगामी 14 से 19 फरवरी तक मेडिटेशन गुरु उपाध्याय श्री विहसन्त सागर जी महाराज के पावन सान्निध्य में होने वाले पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियों का शुभारंभ हो गया है। महोत्सव की व्यवस्थाओं को गति देने एवं आगरा के समस्त जैन समाज को एक सूत्र में जोड़ने के उद्देश्य से प्रथम बैठक नारायण भवन, एमडी. जैन इंटर कॉलेज परिसर, हरिपर्वत में की गई। बैठक में ग्रेटर मारुति एस्टेट एवं श्री पद्मप्रभु जिनालय से प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि पंचकल्याणक महोत्सव किसी एक क्षेत्र या संस्था तक सीमित न रहकर पूरे आगरा जैन समाज का महोत्सव बने और प्रत्येक परिवार इसकी सहभागिता करे।

प्रतिष्ठा महोत्सव समिति के मुख्य पदाधिकारियों का गठन

महोत्सव की व्यवस्थाओं के संचालन के लिए पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव समिति के मुख्य पदाधिकारियों का गठन किया गया। इसमें रोहित जैन ‘अहिंसा’ को अध्यक्ष, पारस जैन को उपाध्यक्ष, सुनील जैन ‘ठेकेदार’ को महामंत्री, इन्द्र प्रकाश जैन को कोषाध्यक्ष तथा अनंत जैन को मुख्य संयोजक बनाया गया। महिला मंडल की ओर से रश्मि जैन एवं करुणा जैन को मुख्य संयोजिका का दायित्व सौंपा गया। शेष कार्यकारिणी का गठन शीघ्र किया जाएगा।

सपरिवार महोत्सव में सहभागी बनने का आह्वा

बैठक में समाजबंधुओं ने संकल्प लिया कि आगरा के प्रत्येक क्षेत्र, जिनालय एवं परिवार तक पहुंचकर युवाओं, महिलाओं और बच्चों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग को महोत्सव से जोड़ा जाएगा। साथ ही धर्मप्रेमी समाज से सपरिवार महोत्सव में सहभागी बनने तथा तन-मन-धन से सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया गया।

बैठक में यह समाजजन और महिला मंडल रहे मौजूद

बैठक में पद्मप्रभु जिनालय के अध्यक्ष प्रवीण जैन, महामंत्री विवेक जैन, कला कुंज मंदिर अध्यक्ष रविन्द्र जैन, उपमंत्री आदित्य जैन, वीरेंद्र जैन ‘इक्के वाले’, अजीत जैन ‘चांदी’, अंकेश जैन, विपिन जैन (जैन सर्जिकल), अजय जैन, रवि जैन, नरेंद्र जैन, सुबोध जैन, राकेश जैन, नवकार युवा मंडल अध्यक्ष संजय जैन, उद्भव जैन, पीयूष जैन, सौरभ जैन, जितेंद्र जैन, दमन जैन सहित अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे। महिला मंडल की ओर से अध्यक्ष कविता जैन, मंत्री हेमलता जैन, वंदना जैन, रंजना, पुष्पा, रीता, शालू, अंजू, ममता जैन सहित अनेक महिलाओं ने सहभागिता की।

आगरा में धर्म प्रभावना का व्यापक अवसर बनेगा

प्रथम बैठक के साथ ही पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। आयोजकों का प्रयास है कि आगरा का प्रत्येक जिनालय, प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक परिवार इस धर्ममय आयोजन से जुड़े। यह पंचकल्याणक महोत्सव आत्मकल्याण के साथ-साथ आगरा में धर्म प्रभावना का व्यापक अवसर बनेगा।