आगरा। नगर के कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, डी-19 में मुनिश्री 108 समत्वसागरजी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में पीएनसी परिवार आगरा द्वारा आयोजित नौ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान महोत्सव का समापन बुधवार को होगा। इस अवसर पर श्रीजी रथयात्रा एवं विधान के पात्रों की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर जैन समाज में विशेष उत्साह है। पीएनसी परिवार ने बताया कि महोत्सव के समापन अवसर पर प्रातः 6:30 बजे श्रीजी का अभिषेक एवं शांतिधारा होगी। इसके बाद 7:30 बजे नित्य नियम पूजन एवं अन्य धार्मिक क्रियाएं संपन्न होंगी। प्रातः 8:30 बजे मुनिश्री समत्वसागरजी महाराज ससंघ के मंगल प्रवचन होंगे। प्रातः 9:30 बजे विश्व शांति महायज्ञ किया जाएगा तथा प्रातः 10:30 बजे भव्य श्रीजी रथयात्रा एवं पात्रों की शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। शोभायात्रा में विधान महोत्सव का बैनर, ऊंट पर नगाड़े, पांच सुंदर घोड़ियां, डीजे, दस से लेकर एक नंबर तक की आकर्षक बग्घियां, ढोल दल, 12 एवं 20 सदस्यीय बैंड, रजत रथ, 40 सदस्यीय बैंड, घोड़ों वाला रथ तथा आठ छाताधारी शामिल रहेंगे। सुसज्जित बग्घियों और बैंड-बाजों के साथ निकलने वाली यह शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रहेगी।

इन मार्गों से निकलेगी रथयात्रा

मुख्य पांडाल महावीर पार्क, डी-19 कमला नगर से प्रारंभ होकर रथयात्रा चक्रेश (पीएनसी) की कोठी के बगल से सी-ब्लॉक, शीराम चौक होते हुए टंकी चौराहे पहुंचेगी। यहां से टंकी वाली रोड पर ई-ब्लॉक की ओर के मोड़ से मुड़कर डी-ब्लॉक कमला नगर की ओर प्रस्थान करेगी तथा लगभग प्रातः 11:30 बजे पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगी। आयोजन की विशेषता यह रहेगी कि रजतमय रथ पर सर्वतोभद्र जिनालय से लाई गईं श्रीजी की प्रतिमाएं विराजमान रहेंगी। यह रथ टंकी वाली रोड से बाईं ओर मुड़कर चांदनी चौक एवं बल्केश्वर चौराहे होते हुए बैंड-बाजों के साथ गंगे गौरी जैन मंदिर पहुंचेगा। इसके पश्चात सर्वतोभद्र जिनालय एवं श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में श्रीजी का भव्य कलशाभिषेक किया जाएगा। सभी प्रतिमाओं को उनके मूल वेदियों पर विधि-विधानपूर्वक विराजमान किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 11:30 बजे से विधान पुण्यार्जक पीएनसी परिवार प्रदीप जैन, सांसद नवीन जैन, चक्रेश जैन, योगेश जैन की ओर से वात्सल्यपूर्ण प्रीतिभोज का आयोजन भी किया जाएगा।

सपरिवार शामिल होने की अपील

श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर ट्रस्ट, पीएनसी परिवार एवं सकल दिगंबर जैन समाज, ग्रेटर कमला नगर की ओर से समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं, माताओं एवं बहनों से आयोजन में सपरिवार शामिल होकर धर्मलाभ लेने तथा तन-मन से सहयोग प्रदान करने की अपील की गई है।