महरौनी। श्री 1008 आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में अष्टान्हिका महापर्व के अवसर पर आयोजित सिद्धचक्र महामंडल विधान के अंतर्गत भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर गणाचार्य श्री 108 विराग सागर जी महामुनिराज का 35वां आचार्य पदारोहण दिवस तथा उनके परम प्रभावक शिष्य मुनि श्री 108 विकौशल सागर जी महाराज का 12वां मुनि दीक्षा दिवस भक्तिभाव के साथ मनाया गया। समारोह में दूर-दराज से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल भगवान के अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ हुआ। इसके बाद गणाचार्य श्री 108 विराग सागर जी महामुनिराज की पूजन-अर्चना की गई। मुनि श्री के मंगल प्रवचन के उपरांत पिच्छिका परिवर्तन की धार्मिक क्रिया संपन्न हुई।
आत्मकल्याण मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प
इस अवसर पर मुनि श्री ने श्रावकों को अपनी सामर्थ्य और भावनानुसार नए नियम एवं व्रत धारण करने का अवसर प्रदान किया। निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से प्राप्त जानकारी के अनुसार सर्वाधिक नियम एवं व्रत अंगीकार करने वाले श्रावक रतनचंद डोंगरिया को मुनि श्री की पुरानी पिच्छिका प्रदान की गई। उल्लेखनीय है कि रतनचंद डोंगरिया पूर्व से ही सात प्रतिमा के व्रतधारी हैं। मुनि श्री के मंगल प्रवचनों से प्रभावित होकर चार-पांच अन्य श्रावकों ने भी दो एवं तीन प्रतिमा के व्रत ग्रहण कर आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।समारोह में मुनि श्री ने धर्म के प्रति निरंतर समर्पण, निष्ठा और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए श्राविका रश्मि मलैया को ‘जैन धर्म भूषण’ की उपाधि से अलंकृत किया। वहीं, बाहर से पधारे अतिथियों का सकल दिगंबर जैन समाज महरौनी की समिति की ओर से सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। समूचा आयोजन भक्ति, श्रद्धा, त्याग और संयम की भावना से सराबोर रहा। पिच्छिका परिवर्तन के इस पावन प्रसंग ने श्रद्धालुओं को अहिंसा, अपरिग्रह और आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। समारोह का समापन धर्ममय वातावरण और हर्षोल्लास के साथ हुआ।





