मुरैना। जैसवाल जैन उपरोचियां समाज की सेवा भावी संस्था अखिल भारतवर्षीय अविवाहित प्रतिभाएं प्रस्तुति समूह (एपीपीएस) का चतुर्थ राष्ट्रीय अधिवेशन श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, ओल्ड ईदगाह, आगरा में समाजोत्थान से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा और विचार-विमर्श के साथ सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में देशभर से आए 150 से अधिक प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर समाजहित से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
अधिवेशन के शुभारंभ में दीप प्रज्वलन विकास जैन, रानू जैन,अनंत जैन, आन्वी जैन समस्त खेरिया वाला परिवार, चित्र अनावरण पवन कुमार, राजेंद्र कुमार जैन धौलपुर हाउस वाले आगरा एवं मंगलाचरण महिला मंडल द्वारा किया गया। एपीपीएस के राष्ट्रीय संयोजक अजय जैन शिवपुरी ने संस्था की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि संस्था पिछले 10 वर्षों से जैसवाल जैन उपरोचियां समाज के बीच समाजोत्थान के कार्यों में सक्रिय रूप से सेवारत है। संस्था का प्रमुख उद्देश्य विवाह योग्य युवक-युवतियों के परिचय एवं बायोडाटा एकत्रित कर समाज के लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में समाज में जो भी वैवाहिक संबंध तय हो रहे हैं, उनमें एपीपीएस के प्रयासों का महत्वपूर्ण योगदान है । जैसवाल जैन परिणय एप के एडमिन रूपेश जैन दिल्ली ने एप के नए अपडेट की जानकारी देते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों से इसका उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि बायोडाटा उपलब्ध कराने के लिए शीघ्र ही डिजिटल फार्म की सुविधा भी शुरू की जा रही है।
उद्देश्य को पूरा करने का दृढ़ संकल्प लिया
अधिवेशन का कुशल संचालन करते हुए राष्ट्रीय संयोजक रविंद्र जैन ‘जमूसर वाले’, भोपाल ने कहा कि समाज के बीच कार्य करना तलवार की धार पर चलने जैसा है, लेकिन एपीपीएस परिवार ने अपने उद्देश्य को पूरा करने का दृढ़ संकल्प लिया है। समाजोत्थान के इस अभियान को आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। अधिवेशन में जगदीशचंद जैन (प्रधान संपादक), सगुनचंद जैन दिल्ली, सुरेशचंद जैन गुरुग्राम, रूपेश जैन ‘चांदी वाले’ आगरा, संजय जैन ‘शालीमार’ आगरा, अतुल जैन ओल्ड ईदगाह आगरा, अजित जैन ‘चांदी वाले’ आगरा, गौरव जैन ‘कांटे वाले’ आगरा, मनोज जैन बल्लो (अध्यक्ष छीपीटोला), रिखभचंद जैन (अध्यक्ष ओल्ड ईदगाह) सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने अपने सुझावों एवं विचारों से अधिवेशन को सार्थक बनाया।
आकर्षक उपहार भेंटकर अभिनंदन किया
आगरा शैली के आयोजकों द्वारा देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिनिधियों का पीत पट्टिका, मणिमाला, तिलक एवं आकर्षक उपहार भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। एपीपीएस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी मनोज जैन नायक ने बताया कि अधिवेशन में धौलपुर, राजाखेड़ा, मनियां, कोटा, कस्वाथाना, दिल्ली, गुरुग्राम, इंदौर, भोपाल, देवास, मुरैना, अंबाह, फिरोजाबाद, गोहद, डबरा, लश्कर, ग्वालियर, मुरार, शिवपुरी, करैरा, नरवर, पोहरी, कोलारस, गुना, अशोकनगर, ईसागढ़, खनियाधाना, रन्नौद, झांसी, शमसाबाद सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से 150 से अधिक प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
सभी व्यवस्थापकों का स्मृति चिह्न भेंटकर बहुमान किया
कार्यक्रम में एपीपीएस परिवार के होनहार एवं ऊर्जावान मनियां क्षेत्रीय संयोजक स्व.राजकुमार जैन को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके समाजसेवा कार्यों को याद किया गया। ाष्ट्रीय अधिवेशन की समस्त व्यवस्थाओं को आगरा शैली के संरक्षकों एवं क्षेत्रीय संयोजकों ने बखूबी संभाला। आवास, भोजन, बैठक सहित सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं। एपीपीएस परिवार की ओर से आयोजन में सहयोग करने वाले सभी व्यवस्थापकों का स्मृति चिह्न भेंटकर बहुमान किया गया।





