आगरा। अवधपुरी स्थित पदमप्रभु जिनालय में मंगलवार को अवधपुरी जिनालय परिवार एवं पदमप्रभु महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में दसवें तीर्थंकर भगवान शीतलनाथ स्वामी का निर्वाण कल्याणक महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान किए गए। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ भगवान की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। महोत्सव के दौरान जिनालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शीतलनाथ के चरणों में निर्वाण लाडू अर्पित कर धर्मलाभ प्राप्त किया और भगवान के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

मोक्ष मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है

जैन धर्म में निर्वाण कल्याणक का विशेष महत्व है। यह पावन दिवस आत्मकल्याण, संयम, तप, त्याग और मोक्ष मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। भगवान के आदर्शों को आत्मसात करते हुए श्रद्धालुओं ने धर्म के मार्ग पर चलने तथा जीवन में सदाचार अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अवधपुरी जिनालय परिवार के सदस्य, पदमप्रभु महिला मंडल की सदस्याओं सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने भगवान के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त करते हुए धार्मिक आयोजन में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।