नौगामा/बांसवाड़ा। दशलक्षण महापर्व के समापन पर नौगामा नगर में प्रतिवर्ष की भांति रथोत्सव बड़े हर्ष, उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। धार्मिक आयोजनों एवं श्रीजी की शोभायात्रा से पूरे नगर में भक्ति का वातावरण बना रहा।

अभिषेक से हुआ शुभारंभ

प्रातः श्री आदिनाथ मंदिर में विशेष शांतिधारा एवं अभिषेक संपन्न हुआ। प्रथम अभिषेक का सौभाग्य श्रीपाल नानावटी, पंकज मेहता, मनीष गांधी एवं सम्यक पंचोरी को प्राप्त हुआ।

इसके बाद श्रीजी को विमान में विराजमान कर बैंड-बाजों की मधुर धुनों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। पंडाल पहुंचने पर भगवान आदिनाथ, शास्त्र एवं गुरु की विधि-विधानपूर्वक पूजन की गई।

तपस्वियों और सेवाभावी समाजजनों का सम्मान

दशलक्षण महापर्व के दौरान उपवास एवं तपस्या करने वाले तपस्वियों तथा वर्षभर समाज एवं धार्मिक क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य करने वाले समाजबंधुओं का जैन समाज की ओर से स्वागत-अभिनंदन किया गया।

काष्ठ निर्मित रथ ने बढ़ाया आकर्षण

दोपहर में आकर्षक रूप से सजे काष्ठ निर्मित भव्य रथ के साथ रथयात्रा निकाली गई। चांदी एवं पीतल की गंगोटी के साथ महिलाएं केसरिया तथा पुरुष सफेद वस्त्र धारण कर शामिल हुए। जैन धर्म के जयकारों से नगर गूंज उठा।

शोभायात्रा श्री 1008 भगवान महावीर समवशरण मंदिर पहुंची, जहां महिलाओं ने गरबा नृत्य की प्रस्तुति दी। इसके पश्चात यात्रा तालाब एवं बस स्टैंड पहुंची, जहां श्रीजी को विराजमान कर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

रंगोलियों से हुआ श्रीजी का स्वागत

भगवान पार्श्वनाथ की पूजन के साथ फूलमाला की बोली भी लगाई गई। फूलमाला की बोली का प्रथम सौभाग्य विजेंद्र गांधी, फूलचंद पिंडारमिया एवं चयन रामलाल को प्राप्त हुआ, जिनका समाज की ओर से सम्मान किया गया।

मार्ग में श्रद्धालुओं ने घरों के बाहर सुंदर रंगोलियां सजाकर श्रीजी का स्वागत किया। शोभायात्रा पुनः श्री आदिनाथ मंदिर पहुंची, जहां रथ को विराम दिया गया। इसके बाद नवयुवक मंडल एवं श्रद्धालुओं ने समवशरण मंदिर में धार्मिक कार्यक्रमों का लाभ लिया।

आयोजन में सहभागिता

रथोत्सव के सफल आयोजन पर जैन समाज अध्यक्ष विपुल पंचोरी, उपाध्यक्ष संजय गांधी, महासचिव श्रीपाल नानावटी, सचिव आशीष पिंडारमिया, कोषाध्यक्ष राजेश गांधी, रमेशचंद्र गांधी, नवयुवक मंडल अध्यक्ष मुकेश गांधी, दृष्टि दीदी एवं वीणा दीदी ने समाजजनों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

श्रीफल साथी : सुरेश चंद्र गांधी, नौगामा, जिला बांसवाड़ा