मुरैना/कोटा। शुभकामना परिवार का राष्ट्रीय अधिवेशन धर्मनगरी कोटा के विज्ञान नगर स्थित श्री महावीर दिगम्बर जैन मंदिर प्रांगण में गणिनी आर्यिका श्री 105 स्वस्तिभूषण माताजी के पावन सानिध्य एवं बाल ब्रह्मचारिणी प्रियांका दीदी के निर्देशन में श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। शुभकामना परिवार राष्ट्रीय अधिवेशन के मुख्य संयोजक सुनील जैन बंधु आगरा ने बताया कि शुभकामना परिवार की भारतवर्ष के 19 राज्यों में लगभग 400 शाखाएं सक्रिय रूप से संचालित हैं। इसके साथ ही नेपाल में भी परिवार की शाखा कार्यरत है। राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर की अधिकांश शाखाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी शाखा प्रमुखों ने अपनी-अपनी शाखाओं की गतिविधियों एवं प्रगति का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया।
अतिथियों एवं श्रावक श्रेष्ठियों का किया सम्मान
अधिवेशन का शुभारंभ ध्वजारोहण, दीप प्रज्वलन, पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट के साथ हुआ। इन मांगलिक क्रियाओं का सौभाग्य श्रावक श्रेष्ठी सुनील शशि सिद्धार्थ जैन बंधु परिवार, आगरा को प्राप्त हुआ। आयोजन के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली शाखाओं को सम्मानित किया गया। वहीं पधारे हुए अतिथियों एवं श्रावक श्रेष्ठियों का आयोजन समिति द्वारा बहुमान किया गया। शुभकामना परिवार के सभी संयोजकों एवं सदस्यों को आकर्षक स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
भक्तामर स्तोत्र से बेहतर कोई उपाय नहीं
इस अवसर पर गणिनी आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी ने अपने मंगल आशीर्वचन में भक्तामर स्तोत्र की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि जीवन से नकारात्मकता को दूर करने और सकारात्मकता बनाए रखने के लिए भक्तामर स्तोत्र से बेहतर कोई उपाय नहीं है। यदि प्रत्येक परिवार महीने में एक बार भी सामूहिक रूप से भक्तामर पाठ का वाचन करे तो घर का वातावरण सकारात्मक बन सकता है। इससे पारिवारिक कलह दूर होने के साथ घर में सुख, शांति और समृद्धि का वातावरण निर्मित होता है।
धार्मिक-सामाजिक गतिविधियों को नई ऊर्जा प्रदान की
आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से पधारे शुभकामना परिवार के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों के आवास तथा भोजन की समुचित व्यवस्था आयोजक समिति द्वारा की गई। राष्ट्रीय अधिवेशन ने संगठन की एकता, सक्रियता और धार्मिक-सामाजिक गतिविधियों को नई ऊर्जा प्रदान की।





