मुरैना । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 11 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भव्य धार्मिक अनुष्ठान में धर्मनगरी मुरैना के 121 साधर्मी बंधु सहभागिता करेंगे। उपाध्यायश्री विहसंतसागरजी महाराज के पावन सान्निध्य में होने वाले इस विशाल आयोजन को लेकर देशभर के गुरु भक्तों में उत्साह का वातावरण है।

उपाध्यायश्री के सान्निध्य में भव्य श्रुत स्कंध विधान

समाधिस्थ गणाचार्य विरागसागरजी महाराज के परम प्रभावक एवं आज्ञानुवर्ती शिष्य, मेडिटेशन गुरु उपाध्यायश्री विहसंतसागरजी महाराज का वर्ष 2026 का पावन वर्षायोग श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, आशियाना, लखनऊ में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के साथ प्रभावनापूर्वक चल रहा है।

इसी क्रम में रविवार, 11 अक्टूबर को एक दिवसीय विशाल सरस्वती महाअर्चना के अंतर्गत श्रुत स्कंध विधान का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर 3101 इंद्र-इंद्राणियां श्री जिनेंद्र प्रभु की भक्ति में लीन होकर अर्घ्य समर्पित करेंगे। आयोजन में देशभर से हजारों की संख्या में गुरु भक्तों के लखनऊ पहुंचने की संभावना है।

दो बसों से लखनऊ पहुंचेगा मुरैना का जत्था

मुरैना से बस व्यवस्था के संयोजक पत्रकार मनोज जैन नायक ने बताया कि परम पूज्य उपाध्यायश्री विहसंतसागरजी महाराज की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से मुरैना से लगभग 121 साधर्मी बंधु दो बसों के माध्यम से 11 अक्टूबर को प्रातः लखनऊ पहुंचेंगे। सभी यात्रियों की बुकिंग पूर्ण हो चुकी है।

विधान में सहभागी होने वाले साधर्मी बंधुओं को आयोजकों की ओर से पूजन के वस्त्र तथा माता-बहनों को साड़ी आदि प्रदान की जाएगी।

स्मृति उपवन में होगा ऐतिहासिक आयोजन

आयोजकों के अनुसार लखनऊ के इतिहास में इस स्तर का भव्य एवं विशाल धार्मिक आयोजन पहली बार होने जा रहा है। कार्यक्रम स्मृति उपवन, कांशीराम सांस्कृतिक स्थल, सेक्टर-एल, एलडीए कॉलोनी, आशियाना, लखनऊ में आयोजित होगा।

देश के विभिन्न स्थानों से आने वाले हजारों गुरु भक्तों को देखते हुए परिवहन, आवास एवं भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

अधिकाधिक सहभागिता की अपील

आनंदमय पावन वर्षायोग समिति ने सभी गुरुभक्त साधर्मी बंधुओं एवं माता-बहनों से अधिकाधिक संख्या में 11 अक्टूबर को आशियाना, लखनऊ पहुंचकर इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है। आयोजन धार्मिक आस्था, भक्ति और गुरु-समर्पण का विशेष अवसर बनेगा।