मुनि श्री विश्वसूर्य सागर जी महाराज व मुनिश्री साध्य सागर जी महाराज का निजानंद ज्ञानामृत पावन वर्षायोग मंगल-कलश स्थापना समारोह रविवार 20 जुलाई को नवकार पैलेस में किया जाएगा। मंगल कलश स्थापना के अवसर पर मांगलिक कार्यक्रम किए जाएंगे। सनावद से पढ़िए, सन्मति जैन काका की यह खबर...
सनावद। आचार्य श्री वर्धमान सागर जी महाराज सहित 18 त्यागियों की जन्म नगरी में गणाचार्य श्री विराग सागर जी और आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी के परम प्रभावक शिष्य मुनि श्री विश्वसूर्य सागर जी महाराज व मुनिश्री साध्य सागर जी महाराज का निजानंद ज्ञानामृत पावन वर्षायोग मंगल-कलश स्थापना समारोह रविवार 20 जुलाई को नवकार पैलेस में किया जाएगा। मंगल कलश स्थापना के अवसर पर मांगलिक कार्यक्रम किए जाएंगे। इसमें प्रातः 6.45 बजे श्रीजी का पंचामृत अभिषेक, शांतिधारा (बड़े मंदिर जी में), प्रातः 8 बजे से भव्य मंगल कलश शोभायात्रा बड़े मंदिर से नवकार पैलेस तक निकाली जाएगी। युगल मुनिराज की आहार चर्या होगी। अगली कड़ी में दोपहर में 1.30 बजे से मुख्य कार्यक्रम कलश स्थापना समारोह किया जाएगा।
इसके अंतर्गत दीप प्रज्वलन, मंगलाचरण, आचार्यों के अर्घ्य समर्पण, बोलियां, पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट, मंगल प्रवचन, कलश स्थापना क्रिया विधि सहित सभी कार्यक्रम नवकार पैलेस में होंगे। युगल मुनिराज इंदौर से विहारकर सनावद में पिछले 25 दिनों से अपनी ओजस्वी वाणी से संत भवन सभी को रस पान करवा रहे हैं। समाज अध्यक्ष मनोज जैन मुनि त्यागी समिति अध्यक्ष मुकेश जैन ने उपस्थिति दर्ज करवाने का निवेदन किया है।




