जयपुर। समाज गौरव, परम मुनि भक्त पदम जैन बिलाला ने अपना 73 वां जन्मदिवस संतों के मंगल आशीर्वाद, धर्माराधना एवं धार्मिक गतिविधियों के साथ सादगीपूर्वक मनाया। जन्मदिवस के शुभ अवसर पर प्रातः सर्वप्रथम वीडियो कॉल के माध्यम से आचार्य श्री 108 वसुनंदी जी महामुनिराज से मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद जनकपुरी जैन मंदिर में मूलनायक भगवान नेमिनाथ के अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ दिन का शुभारंभ किया। इसके साथ कोटपुतली पहुंचकर आचार्य श्री आदित्य सागर जी महाराज ससंघ के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर धर्मचर्चा के बाद पड़गाहन कर आहारदान एवं बाद आचार्य श्री के पाद प्रक्षालन का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ।

गुरुतं’ प्रवचन संग्रह भेंट किया

इस अवसर पर जनकपुरी जैन समाज के मंत्री देवेंद्र कासलीवाल, कमलेश पाटनी, सुनील सेठी, महेश काला, सीभाग अजमेरा, ज्ञानचंद भोंच, लोकेश जैन आदि ने अखिल भारतवर्षीय धर्म जागृति संस्थान के प्रांतीय अध्यक्ष पदम जैन बिलाला का सादगीपूर्ण अभिनंदन किया। कमल दीवान, महावीर कीर्ति नगर सहित अन्य श्रद्धालु भी उपस्थित रहे। सभी की ओर से आचार्य श्री को ‘गुरुतं’ प्रवचन संग्रह भेंट किया गया।

अनेक भक्तजन उपस्थित रहे

इसी क्रम में पदम जैन बिलाला ने श्याम नगर में श्रमणी आर्यिका अर्हं श्री माताजी ससंघ के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया तथा माताजी के पाद प्रक्षालन का सौभाग्य अर्जित किया। इस अवसर पर किरण जैन, शिखरचंद जैन सहित अनेक भक्तजन उपस्थित रहे।उल्लेखनीय है कि पदम जैन बिलाला ने अपने जन्मदिवस को उत्सव के बजाय संतों के सान्निध्य, आशीर्वाद एवं धर्माराधना के माध्यम से मनाकर धार्मिक एवं आध्यात्मिक अभिरुचि का परिचय दिया।