मुरैना। नगर की सेवाभावी सामाजिक संस्था श्री यंग दिगंबर जैन फाउंडेशन की वर्ष 2026-27 के लिए गठित नवीन कार्यकारिणी ने शपथ ग्रहण कर संस्था के सेवा कार्यों को नई गति देने का संकल्प लिया। शपथ ग्रहण समारोह से पूर्व नवनिर्वाचित अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र जैन ने कार्यकारिणी की घोषणा की।
संस्था के विमलचंद जैन ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को ईश्वर के नाम पर सत्य, निष्ठा एवं संस्था के प्रति समर्पण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन नवनिर्वाचित महामंत्री अनूप भंडारी ने किया।
सेवा, सहयोग और जनहित को प्राथमिकता
नवनिर्वाचित अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र जैन ने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य सेवा, सहयोग, शिक्षा, चिकित्सा तथा जरूरतमंदों की सहायता के माध्यम से समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। नई कार्यकारिणी सामूहिक भावना से संस्था की गतिविधियों को व्यापक स्वरूप देगी।
उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने तथा युवाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा गतिविधियों से जोड़ने की बात कही। उन्होंने पदाधिकारियों और सदस्यों से आपसी समन्वय के साथ संस्था के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
ये हैं नवीन पदाधिकारी
कार्यकारिणी में संस्थापक संरक्षक राजेंद्र भंडारी, डायरेक्टर पवन जैन ऋषभ इंडस्ट्रीज, आई.पी.पी. एवं पूर्व प्राचार्य अनिल जैन, अध्यक्ष महेंद्र जैन एडवोकेट, कार्याध्यक्ष मनोज जैन नायक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिषेक जैन, उपाध्यक्ष आशीष जैन, महामंत्री अनूप भंडारी, मंत्री राजीव जैन एवं अमर जैन, संयुक्त मंत्री नितिन जैन, कोषाध्यक्ष अनिल जैन, तथा ऑडिटर अनिल जैन और सुनीत जैन को दायित्व सौंपा गया है।
विमलचंद जैन को संयोजक संरक्षक समिति, सतेन्द्र जैन को संयोजक परामर्श समिति तथा पंकज जैन को संयोजक औषधालय समिति बनाया गया है।
सदस्यों ने दी शुभकामनाएं
समारोह में डी.के. जैन, योगेंद्र जैन, विमलचंद जैन एवं पूर्व अध्यक्ष अनिल जैन मंचासीन रहे। उपस्थित सदस्यों ने नवीन पदाधिकारियों का अभिनंदन करते हुए संस्था को सामाजिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में अधिक सक्रिय बनाने की अपेक्षा व्यक्त की। सभी ने जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
श्रीफल साथी : मनोज जैन नायक, मुरैना





