सागवाड़ा। नगर में 18 से 21 नवंबर तक आयोजित 15वें अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन में शोधकर्ता मोहित जैन ने जैन दर्शन के महत्त्वपूर्ण दार्शनिक विषय “कर्म और आत्मा का संबंध : जैन दर्शन के परिप्रेक्ष्य में” शीर्षक से अपना शोधपत्र प्रस्तुत किया। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत एवं विश्व के विभिन्न क्षेत्रों से 50 से अधिक प्रतिष्ठित विद्वानों, शिक्षाविदों एवं शोधकर्ताओं ने सहभागिता की। मोहित जैन ने अपने शोधपत्र में जैन दर्शन के कर्म सिद्धान्त एवं आत्मत्व के पारस्परिक संबंध का दार्शनिक, शास्त्रीय एवं तात्त्विक विवेचन प्रस्तुत किया। उन्होंने जैन दर्शन में आत्मा के शुद्ध स्वरूप, कर्मबंध के कारणों तथा आस्रव, संवर, निर्जरा और मोक्ष की अवधारणाओं के माध्यम से आत्मा की शुद्धि एवं मुक्ति के मार्ग को स्पष्ट किया। शोधपत्र में यह प्रतिपादित किया गया कि कर्मों से आबद्ध आत्मा अपने स्वाभाविक गुणों की पूर्ण अभिव्यक्ति नहीं कर पाती तथा सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान और सम्यक चरित्र के माध्यम से कर्मबंध से मुक्त होकर अपने शुद्ध स्वरूप को प्राप्त कर सकती है।

कोठारी ने की प्रशंसा

सम्मेलन के संयोजक एवं इसरो (ISRO) के पूर्व वैज्ञानिक प्रो. राजमल जैन कोठारी ने मोहित जैन के शोधपत्र की सराहना करते हुए उनके विषय-चयन, अध्ययन एवं शोधपरक प्रस्तुति की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शोध एवं अकादमिक क्षेत्र में निरन्तर प्रगति करने के लिए शुभकामनाएं प्रदान कीं।

शोधयात्रा की एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि

उल्लेखनीय है कि शोधकर्ता मोहित जैन जैन दर्शन, प्राकृत एवं संस्कृत साहित्य के अध्येता एवं शोधार्थी हैं। वे जैन आगम, भारतीय दर्शन, प्राचीन साहित्य तथा भारतीय ज्ञान परम्परा से जुड़े विषयों पर निरन्तर शोध एवं अकादमिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। उनके शोधकार्य का उद्देश्य प्राचीन भारतीय दार्शनिक परम्पराओं का शास्त्रीय अध्ययन करते हुए उन्हें समकालीन बौद्धिक विमर्श से जोड़ना है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस विद्वत् सम्मेलन में शोधपत्र की प्रस्तुति एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक तथा विद्वानों से प्राप्त प्रशंसा को मोहित जैन की शोधयात्रा की एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।