मुरैना। विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सेवा भावना विकसित करने वाले स्काउटिंग आंदोलन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शनिवार को वैष्णवी इंस्टीट्यूट ऑफ शॉर्टहैंड एंड टाइपिंग परिसर में सम्मान समारोह किया गया। समारोह में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक अर्गल एवं राज्य आयुक्त स्काउट चंद्रप्रकाश शिवहरे का संस्थान की ओर से अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित तथा सीपीसीटी परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। संस्थान के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला संघ भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के पदाधिकारी सुरेंद्रसिंह यादव तथा स्टाफ सदस्यों ने अतिथियों का पुष्पहारों से स्वागत किया। इसके पश्चात अशोक अर्गल ने सफल विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, अनुशासन, लगन और सकारात्मक सोच ही लक्ष्य प्राप्ति का आधार हैं। विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानकर लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए तथा उसे हासिल करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ प्रयास करना चाहिए।

यह समाजजन उपस्थित रहे

कार्यक्रम में राज्य संगठन आयुक्त स्काउट गजराज सिंह, सहायक राज्य संगठन आयुक्त भोपाल सुशील बिल्लोरे, जिला शिक्षा अधिकारी बीएस इंदोलिया, सहायक राज्य संगठन आयुक्त मुरैना वीर सिंह यादव, जिला आयुक्त कब डॉ. राकेश कुमार शर्मा, जिला सचिव शेखर यादव, आजीवन सदस्य प्रतिनिधि एवं संभागीय अध्यक्ष मध्यप्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ रमेश डंडोतिया तथा जिला कोषाध्यक्ष सीताराम गुर्जर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। संचालन अशोक कुमार त्रिपाठी ने किया।

जीगनी प्रशिक्षण केंद्र पर किया पौधारोपण

सम्मान समारोह के पश्चात राज्य स्तरीय पदाधिकारियों ने भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के चंबल संभागीय प्रशिक्षण केंद्र जीगनी का भ्रमण किया। यहां पर्यावरण शिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल संदेश देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। युवाओं एवं विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आकर समाज को जागरूक करना चाहिए। संस्थान के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक अर्गल, राज्य आयुक्त चंद्रप्रकाश शिवहरे सहित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित करने के साथ ही स्काउटिंग के मूलभूत सिद्धांतों अनुशासन, सेवा, नेतृत्व एवं पर्यावरण संरक्षण को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।