मथुरा। भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी अपने गौरवशाली इतिहास के शतकोत्तर रजत स्थापना वर्ष महामहोत्सव का शुभारंभ 21 एवं 22 अक्टूबर 2026 को जैन इंटर कॉलेज ग्राउंड, चौरासी मथुरा में करेगी।

महोत्सव को लेकर सोमवार को महोत्सव समिति के पदाधिकारियों ने आयोजन स्थल का अवलोकन कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया। देशभर से आने वाले कमेटी पदाधिकारियों, सदस्यों और तीर्थक्षेत्र प्रतिनिधियों के आवास, भोजन तथा कार्यक्रम संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

125 तीर्थों की पावन रज से बनेगा स्मृति स्मारक

महोत्सव के प्रमुख आकर्षण के रूप में देश के करीब 125 जैन तीर्थ क्षेत्रों की पावन रज-मिट्टी एकत्रित कर स्मृति स्मारक का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही कमेटी के 125 वर्षों के स्वर्णिम इतिहास को कालपत्र के रूप में स्थापित किया जाएगा।आयोजकों ने विभिन्न तीर्थ क्षेत्रों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्र की पावन रज साथ लाने का आह्वान किया है।

पदाधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

तैयारियों के निरीक्षण के दौरान महोत्सव समिति के प्रदीप जैन पीएनसी आगरा, जवाहरलाल जैन, मनोज बाकलीवाल, डी.के. जैन, जैनेश झांझरी, राजकुमार घाटे, हसमुख गांधी, प्रमोद पापड़ीवाल, अशोक जैन, राजीव जैन, संजीव जैन एवं अजय जैन अज्जू उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने समाजबंधुओं से इस ऐतिहासिक समारोह में सहभागिता कर इसके साक्षी बनने की अपील की।

श्रीफल साथी : राजेश जैन रागी, मथुरा