इंदौर। अक्टूबर और नवंबर में दिगंबर जैन समाज के तीन राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण आयोजन मथुरा चौरासी, अयोध्या और कोटा में आयोजित होंगे। इन आयोजनों के माध्यम से तीर्थ संरक्षण, सामाजिक एकता, धार्मिक चेतना और गुरु परंपरा के प्रति समर्पण का संदेश दिया जाएगा।
मथुरा चौरासी में तीर्थक्षेत्र कमेटी का 125वां वर्ष महोत्सव
पहला आयोजन 21 एवं 22 अक्टूबर को मथुरा चौरासी में भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी के शतकोत्तर रजत स्थापना वर्ष महोत्सव के रूप में होगा। आयोजन आचार्य श्री सुरत्नसागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में संपन्न होगा।
इस अवसर पर देशभर से कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य सम्मिलित होंगे तथा जैन तीर्थों के संरक्षण, संवर्धन और विकास पर विचार-विमर्श करेंगे। आयोजन स्थल श्री ऋषभ ब्रह्मचर्य आश्रम परिसर, चौरासी मथुरा निर्धारित है।
अयोध्या में सर्वजातीय सम्मेलन व ज्ञानमती माताजी का अवतरण दिवस
दूसरा आयोजन 25 एवं 26 अक्टूबर को अयोध्या में आयोजित होगा। 25 अक्टूबर को दिगंबर जैन सर्वजातीय राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर की दिगंबर जैन समाज की विभिन्न जातीय संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल होंगे।
सम्मेलन में सामाजिक एकता, राष्ट्रीय जनगणना के प्रति जागरूकता तथा सामुदायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने जैसे विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है। 26 अक्टूबर, शरद पूर्णिमा के अवसर पर गणिनीप्रमुख आर्यिका शिरोमणि पूज्य ज्ञानमती माताजी का 93वां अवतरण दिवस उनके ससंघ सान्निध्य में मनाया जाएगा। इस अवसर पर धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम, गुणानुवाद सभा और आशीर्वचन आयोजित होंगे।
कोटा में आचार्य पदारोहण शताब्दी महोत्सव
तीसरा राष्ट्रीय आयोजन 22 नवंबर को कोटा, राजस्थान में प्रशममूर्ति आचार्य श्री शांतिसागर जी महाराज छाणी के आचार्य पदारोहण शताब्दी महोत्सव के रूप में आयोजित होगा।
कार्यक्रम भारत गौरव एवं स्वस्तिधाम प्रणेता आर्यिका श्री स्वस्तिभूषण माताजी के सान्निध्य में होगा। हसमुख जैन गांधी शताब्दी महोत्सव के अध्यक्ष हैं।
तीनों आयोजनों में इंदौर सहित देशभर से बड़ी संख्या में समाजश्रेष्ठियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समितियों की ओर से आवास एवं भोजन की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।




